अयोध्या राम मंदिर में दर्शन व्यवस्था में बदलाव, अब केवल सुगम और सामान्य पास उपलब्ध
राम मंदिर अयोध्या में दर्शन व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध ‘विशिष्ट दर्शन’ (VIP दर्शन) का विकल्प हटा दिया है। अब केवल ‘सुगम दर्शन’ और ‘सामान्य दर्शन’ के ही पास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
ट्रस्ट के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और समान बनाना है, ताकि सभी श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। पहले जहां विशेष दर्शन की सुविधा थी, अब उसे समाप्त कर दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत ‘सुगम दर्शन’ पास में श्रद्धालुओं को राम लला, राम परिवार और परकोटा के छह मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे। वहीं ‘सामान्य दर्शन’ पास में राम लला के साथ राम परिवार, शेषावतार मंदिर, सप्त मंदिर और कुबेर टीला शामिल हैं।
इसके साथ ही एक पास में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी घटा दी गई है। पहले एक पास पर अधिकतम 8 लोग दर्शन कर सकते थे, लेकिन अब यह संख्या घटाकर 5 कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुगम दर्शन के लिए 8 मई तक के सभी स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं, जिससे मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को यह भी सलाह दी है कि वे दर्शन के दौरान भारतीय पारंपरिक परिधान पहनें। पुरुषों को धोती-कुर्ता या धोती-पायजामा, जबकि महिलाओं को साड़ी या दुपट्टे के साथ पारंपरिक परिधान पहनने की सलाह दी गई है। हालांकि, यह अभी अनिवार्य नहीं है।
गौरतलब है कि अयोध्या में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान राम के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लंबी कतारों से बचने के लिए श्रद्धालु ऑनलाइन पास बुक कर सकते हैं, जिससे उन्हें अधिक सुविधाजनक तरीके से दर्शन का अवसर मिल सके।