बृजेश पाठक का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘कितना भी गठबंधन कर लें, कोई फर्क नहीं पड़ेगा’; CM फेस पर दिया बड़ा बयान
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी को बड़ी पार्टी बताते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
बसपा को लेकर पूछे गए सवाल पर पाठक सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। हालांकि, सपा के PDA और कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
‘जिसकी दुकान का माल खराब होता है, नाम बदल देता है’
PDA को लेकर बृजेश पाठक ने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “जिसकी दुकान का माल खराब हो जाता है, वह अपनी दुकान का नाम बदल देता है।”
कांग्रेस के जनाधार और विपक्षी गठबंधनों पर उन्होंने कहा कि ये लोग कितना भी गठबंधन कर लें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। पाठक के मुताबिक, 2017 के बाद विपक्षी दलों ने कई बार गठबंधन किए, लेकिन उन्हें इसका कोई खास राजनीतिक फायदा नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि आज बीजेपी जन-जन की पार्टी बन चुकी है।
2027 में BJP की सरकार बनने का दावा
बृजेश पाठक ने दावा किया कि 2027 में बीजेपी तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
उन्होंने बीजेपी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर कानून-व्यवस्था तक कई क्षेत्रों में बदलाव हुआ है।
सपा पर निशाना साधते हुए पाठक ने आरोप लगाया कि जब-जब सपा सत्ता में रही, तब प्रदेश में अराजकता का माहौल रहा। उन्होंने पिछली सरकारों के दौरान बिजली व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
योगी आदित्यनाथ के CM फेस पर क्या बोले पाठक?
2027 में बीजेपी की ओर से योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजेश पाठक ने इसे मीडिया की मनगढ़ंत कहानी बताया।
उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ तय नहीं हुआ है और जब भी पार्टी की ओर से कोई निर्णय होगा, उसकी जानकारी दे दी जाएगी।
इस बयान के बाद यूपी बीजेपी में 2027 के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को एक बार फिर हवा मिल गई है।
‘BJP सबका साथ, सबका विकास के साथ चलती है’
इमरान मसूद के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है और पार्टी धर्म या जाति के आधार पर जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं करती।
उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि वह जाति और धर्म के आधार पर वोट मांगती है। पाठक ने कहा कि अगर सपा को अपने विकास कार्यों पर भरोसा है तो उसे विकास के नाम पर वोट मांगना चाहिए।
‘सपा बार-बार PDA और गठबंधन के नाम पर वोट क्यों मांगती है?’
पाठक ने कहा कि सपा की सरकार उत्तर प्रदेश में चार बार बनी है, ऐसे में उसे अपने शासनकाल के विकास कार्यों के आधार पर जनता से वोट मांगना चाहिए।
उन्होंने सवाल किया कि सपा बार-बार कभी INDI गठबंधन तो कभी PDA के नाम पर चुनावी समर्थन क्यों मांगती है।
बृजेश पाठक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सर्वमान्य नेताओं में से एक हैं और उन्हें भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनेगी।