Bihar Politics: तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी सरकार पर हमला, बाढ़ से लेकर चिराग पासवान और पत्रकार की पिटाई तक उठाए सवाल
बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर RJD नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने बाढ़ के मुद्दे पर कई बार सरकार को चिट्ठी लिखी, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में ‘डबल इंजन’ की सरकार है, लेकिन दोनों इंजन में आग लगी हुई है और खजाना खाली है। उनका दावा है कि बाढ़ से ठीक पहले सामान्य योजनाओं के लिए आकस्मिक निधि से करीब 4 हजार करोड़ रुपये निकाले गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को भी उन्होंने पत्र लिखा है, लेकिन बिहार की सुध लेने वाला कोई नहीं है। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार में किसी मंत्री की इतनी हैसियत नहीं है कि वह बिहार के लिए विशेष पैकेज या पर्याप्त सहायता लेकर आ सके।
‘बिहार के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार’
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात में बाढ़ के दौरान किए गए हस्तक्षेप का जिक्र करते हुए बिहार के साथ कथित भेदभाव का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पहले जब भी बिहार में बाढ़ आती थी, प्रधानमंत्री से लेकर केंद्र के कई नेता और मंत्री राज्य का दौरा करते थे। तेजस्वी ने 19 अगस्त 2024 की गुजरात बाढ़ से जुड़ी खबर का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री से बात कर स्थिति की जानकारी ली थी और हर संभव मदद का भरोसा दिया था।
तेजस्वी ने 2017 में बाढ़ के दौरान गुजरात के लिए घोषित राहत का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि बिहार को उसी तरह की प्राथमिकता नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार को जिस तरह से नजरअंदाज किया गया है, आने वाले समय में बिहार की जनता भी प्रधानमंत्री को नजरअंदाज करेगी। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री से बाढ़ को लेकर बात की भी है या नहीं।
राघोपुर पहुंचे चिराग पासवान तो तेजस्वी ने कहा- ‘मदद भी लेकर आएं’
राघोपुर में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के दौरे को लेकर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान बाढ़ प्रभावित इलाकों में घूम रहे हैं तो यह अच्छी बात है, लेकिन उन्हें लोगों के लिए मदद भी लेकर आनी चाहिए।
तेजस्वी ने कहा कि वे विपक्ष में हैं और सिर्फ सरकार से मदद की मांग कर सकते हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर चिराग पासवान राघोपुर का दौरा कर रहे हैं तो वहां की स्थिति देखने के बाद बिहार के लिए सहायता भी लेकर आनी चाहिए।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखा है?
पत्रकार की पिटाई पर बोले तेजस्वी- ‘अराजकता का माहौल’
पत्रकार की कथित पिटाई के मामले पर भी तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बिहार में अराजकता का माहौल है। सवाल पूछने पर अगर किसी पत्रकार की पिटाई कर दी जाती है तो यह गंभीर मामला है।
तेजस्वी ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सीतामढ़ी में RJD नेता की हत्या पर जताई नाराजगी
सीतामढ़ी में RJD नेता की हत्या के मामले को लेकर भी तेजस्वी यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मृतक पार्टी के जिला उपाध्यक्ष थे और कुछ दिन पहले उन पर हमला भी हुआ था।
तेजस्वी के मुताबिक, उस समय थाने में शिकायत दर्ज नहीं की गई और कुछ दिनों बाद उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों से उनकी बातचीत हुई है।
तेजस्वी ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि की बात नहीं सुनी जाती, तो आम जनता की स्थिति क्या होगी।
बाढ़ का जायजा लेने के दौरान नाव की निकली थी हवा
गौरतलब है कि हाल ही में तेजस्वी यादव खुद नाव पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने निकले थे। इसी दौरान उनकी नाव की हवा निकलने की घटना सामने आई थी। इस घटना में तेजस्वी यादव बाल-बाल बच गए थे।
बाढ़, राहत व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर तेजस्वी यादव के ताजा बयानों ने बिहार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप को एक बार फिर तेज कर दिया है।