• April 24, 2026

भाषा विश्वविद्यालय की डॉ. रुचिता चौधरी का कोर्स SWAYAM प्लेटफॉर्म के लिए चयनित, जुलाई 2026 से होगा प्रसारण

ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रुचिता सुजय चौधरी द्वारा तैयार किया गया ऑनलाइन कोर्स “मैनेजमेंट कम्युनिकेशन: कॉन्सेप्ट्स, स्किल्स एंड एप्लिकेशंस” राष्ट्रीय स्तर के SWAYAM प्लेटफॉर्म के लिए चयनित किया गया है। यह कोर्स जुलाई 2026 से प्रसारित किया जाएगा।

यह विश्वविद्यालय का पहला ऐसा कोर्स है जिसे SWAYAM के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसे यूजीसी की नई गाइडलाइंस 2024 के अनुरूप तैयार किया गया है और यह प्रबंधन संचार के सिद्धांतों, प्रक्रियाओं और व्यावहारिक उपयोग पर आधारित है।

कोर्स में संगठनात्मक प्रबंधन जैसे योजना निर्माण, संगठन, नेतृत्व और नियंत्रण में संचार की भूमिका को विस्तार से समझाया जाएगा। साथ ही मौखिक, अमौखिक और लिखित संचार कौशल, व्यावसायिक पत्राचार, रिपोर्ट लेखन, प्रस्तुतीकरण और विवाद समाधान जैसे व्यावहारिक विषयों को भी शामिल किया गया है।

डॉ. चौधरी के अनुसार यह कोर्स हिंदी भाषा में तैयार किया गया है ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो सके और क्षेत्रीय भाषाओं में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिले।

यह 9 सप्ताह का 4-क्रेडिट कोर्स होगा, जिसमें मूल्यांकन 25 प्रतिशत आंतरिक और 75 प्रतिशत अंतिम परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। कोर्स में वीडियो लेक्चर, पीडीएफ और टेक्स्ट आधारित अध्ययन सामग्री शामिल होगी।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने उन्हें बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय बल्कि प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने इसे डिजिटल शिक्षा और ई-लर्निंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

गौरतलब है कि यह डॉ. रुचिता चौधरी का दूसरा MOOC कोर्स है। इससे पहले उनका “मीडिया लिटरेसी” कोर्स SWAYAM Prabha पर प्रसारित किया जा रहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *