राज्यसभा टिकट पर NCP में नाराजगी? येवला में लगे ‘साहेब निर्णय लीजिए’ पोस्टर, भुजबल समर्थक नाराज
- BREAKING NEWS INDIA MAHARAHSTRA NEWS POLITICS STATE TRENDING VIRAL
Madhulika- June 9, 2026
- 0
- 1
- 4 minutes read
मुंबई/नासिक: महाराष्ट्र में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के भीतर नाराजगी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी द्वारा राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर राजेंद्र जैन के नाम की घोषणा के बाद छगन भुजबल समर्थकों की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है।
नासिक के येवला में भुजबल समर्थकों की ओर से “साहेब निर्णय लीजिए” लिखे पोस्टर लगाए गए हैं, जिसने राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। माना जा रहा है कि ऐन वक्त पर राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची से छगन भुजबल का नाम बाहर होने से उनके समर्थक असंतुष्ट हैं।
‘मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं’
हालांकि, छगन भुजबल ने सोमवार को साफ किया कि राज्यसभा टिकट नहीं मिलने से वह नाराज नहीं हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने हल्के अंदाज में कहा,
“मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, शतरंज खिलाड़ी नहीं।”
उन्होंने यह भी संकेत दिए कि भविष्य में उन्हें संसद जाने का अवसर मिल सकता है।
समर्थकों के पोस्टरों का क्या है मतलब?
दरअसल, 18 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए छगन भुजबल का नाम प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा था। लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने राजेंद्र जैन को उम्मीदवार घोषित कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, भुजबल ने अपने भतीजे और पूर्व सांसद समीर भुजबल को महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बनाए जाने की मांग रखी थी। बताया जा रहा है कि इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद समर्थकों में असंतोष बढ़ गया।
अब येवला में लगे पोस्टरों के जरिए समर्थक छगन भुजबल से आगे की राजनीतिक रणनीति और भूमिका को लेकर स्पष्ट संकेत मांगते नजर आ रहे हैं।
क्या बड़ा फैसला ले सकते हैं भुजबल?
राजनीतिक गलियारों में अब इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि क्या छगन भुजबल इस घटनाक्रम के बाद कोई बड़ा राजनीतिक कदम उठाएंगे या फिर पार्टी नेतृत्व के साथ तालमेल बनाकर आगे बढ़ेंगे।
फिलहाल, भुजबल की ओर से नाराजगी से इनकार किया गया है, लेकिन समर्थकों के तेवर NCP के भीतर चल रही बेचैनी की ओर इशारा जरूर कर रहे हैं।