• April 28, 2026

लखनऊ में 936 पुलिस कर्मियों को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी बोले— कानून का राज ही विकास की गारंटी

योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कानून का राज ही विकास की पहली और सबसे महत्वपूर्ण गारंटी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के चलते देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ निवेश के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल तैयार किया गया है, जिससे आर्थिक विकास को गति मिल रही है।

भर्ती प्रक्रिया पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं। हाल ही में होमगार्ड विभाग में 41,000 से अधिक पदों के लिए परीक्षाएं संपन्न हुई हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष करीब एक लाख नई भर्तियां करने जा रहा है। इसमें सिविल पुलिस, सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और अन्य पदों पर नियुक्तियां शामिल होंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नया उत्तर प्रदेश अब गुंडा, दंगा और माफिया मुक्त राज्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पुलिस बल न केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि राज्य की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पुलिस बल में 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों की भी भर्ती की है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, क्योंकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और अधिक पदक हासिल कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने नव नियुक्त पुलिस कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और प्रदेश को सुरक्षित व समृद्ध बनाने में योगदान दें।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *