मीरा रोड हमले पर सख्त एक्शन: ATS और NIA करेंगी जांच, सीएम फडणवीस बोले— सेल्फ रेडिकलाइजेशन
मीरा रोड के नया नगर इलाके में दो सिक्योरिटी गार्ड्स पर धर्म पूछकर किए गए हमले को राज्य प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि मामले की जांच एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) दोनों द्वारा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला “सेल्फ रेडिकलाइजेशन” का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह इस तरह की कट्टरपंथी सोच तक कैसे पहुंचा।
सोलापुर में मीडिया से बातचीत करते हुए फडणवीस ने कहा कि आरोपी के घर से कुछ किताबें और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी युवक अमेरिका में रहता था और हाल ही में भारत आया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह कट्टरपंथ की ओर झुक गया था और “जिहाद” के नाम पर दूसरे धर्म के लोगों को निशाना बनाने की मानसिकता विकसित कर चुका था।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच केवल आरोपी तक सीमित नहीं रहेगी। एजेंसियां यह भी पता लगाएंगी कि उसके पीछे कोई नेटवर्क या अन्य लोग तो सक्रिय नहीं हैं। पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी ताकि किसी भी संभावित साजिश का खुलासा किया जा सके।
राज्य सरकार ने कहा है कि जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।