IPL 2026: अंपायर फैसले पर गुस्सा दिखाना पड़ा भारी, अंगकृष रघुवंशी पर जुर्माना
आईपीएल 2026 में 27 अप्रैल को लखनऊ में खेले गए रोमांचक मुकाबले के बाद एक नया विवाद सामने आया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर अंपायर के फैसले पर नाराजगी जताने के चलते जुर्माना लगाया गया है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आधिकारिक बयान के अनुसार, रघुवंशी पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। उन्हें IPL आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत लेवल-1 का दोषी पाया गया, जो मैच के दौरान उपकरणों या मैदान से जुड़े सामान के दुरुपयोग से संबंधित है।
मैदान पर क्या हुआ?
यह घटना KKR की पारी के पांचवें ओवर में हुई, जब लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलते हुए रघुवंशी को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के तहत आउट दिया गया। इस फैसले से नाराज होकर उन्होंने गुस्से में अपने बल्ले से बाउंड्री कुशन पर जोरदार प्रहार किया और फिर हेलमेट को डगआउट की ओर फेंक दिया।
IPL के मुताबिक, यह आचरण नियमों का उल्लंघन है, इसलिए उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। रघुवंशी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।
मैच का रोमांच
अगर मुकाबले की बात करें तो यह मैच आखिरी गेंद तक बेहद रोमांचक रहा। कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए इस मैच में KKR ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की।
मैच के अंतिम क्षणों में LSG को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 7 रन चाहिए थे। तभी मोहम्मद शमी ने लॉन्ग-ऑफ के ऊपर छक्का जड़कर मुकाबले को सुपर ओवर में पहुंचा दिया, जहां KKR ने बाजी मार ली।
यह मुकाबला जहां अपने रोमांच के लिए याद किया जाएगा, वहीं रघुवंशी का यह विवाद भी चर्चा का विषय बन गया है।