बंगाल चुनाव से पहले DGP सिद्ध नाथ गुप्ता का कार्यकाल 6 महीने बढ़ा
- BREAKING NEWS Election INDIA NEWS STATE TRENDING VIRAL West Bengal
Madhulika- April 27, 2026
- 0
- 0
- 3 minutes read
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले केंद्र सरकार ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) सिद्ध नाथ गुप्ता के कार्यकाल को छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। 1992 बैच के IPS अधिकारी गुप्ता का कार्यकाल 30 अप्रैल 2026 को समाप्त होने वाला था, लेकिन अब वे अक्टूबर 2026 तक पद पर बने रहेंगे।
इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर आदेश जारी किया। नोटिफिकेशन के अनुसार, यह निर्णय केंद्रीय कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमिटी की मंजूरी के बाद लिया गया है। मंत्रालय ने गुप्ता के सेवा विस्तार का प्रस्ताव रखा था, जिसे स्वीकृति मिल गई।
सरकार के मुताबिक, यह फैसला ऑल इंडिया सर्विसेज (डेथ कम रिटायरमेंट बेनिफिट्स) एक्ट, 1958 के तहत जनहित में लिया गया है। सोमवार को मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव दुष्मंता नारीवाला को इस संबंध में निर्देश भेजे।
गौरतलब है कि चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर कई बड़े बदलाव किए थे। नंदिनी चक्रवर्ती को मुख्य सचिव पद से हटाकर उनकी जगह दुष्मंता नारीवाला को नियुक्त किया गया था। वहीं, जगदीश प्रसाद मीणा को गृह सचिव पद से हटाया गया और संघमित्रा घोष को नया गृह सचिव बनाया गया।
इसके अलावा, राज्य में कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के भी तबादले किए गए थे, जिसके बाद सिद्ध नाथ गुप्ता को DGP नियुक्त किया गया था। अब चुनावी माहौल के बीच उनके कार्यकाल को बढ़ाया जाना प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।