ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

द्वारचार पर अज्ञात लोगों ने फेंका ज्वलनशील पदार्थ, दूल्हा समेत तीन झुलसे

भदोही, 19 जून। जनपद में मंगलवार की रात शादी के लिए गाजे-बाजे के साथ ससुराल पहुंचे दूल्हा पर अज्ञात लोगों ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। इस हादसे में दूल्हा के साथ रथ पर सवार दो बच्चों सहित तीन लोग झूलस गए। सभी की हालत नाजुक है। उन्हें गंभीर स्थिति में बीएचयू के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

सुरियावां थाने के तुलापुर गांव की दलित बस्ती में सभाजित गौतम के यहां भदोही कोतवाली के बीजापुर, मोढ से बारात आयी थी। मंगलवार को रात्रि 10:30 बजे द्वारचार की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक बाइक से कुछ लोग आए और दूल्हा के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक कर फरार हो गए।

घटना में दूल्हा सुदामा गौतम (23) और उसके साथ रथ पर बैठे आरके (12) और जेके (08) दो मासूम बच्चे झूलस गए। इस घटना के बाद अफरा -तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सुरियावां पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल दूल्हा समेत तीन लोगों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर सभी को वाराणसी स्थिति बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया।

लड़की पक्ष के अनुसार दो लोगों की स्थिति नाजुक है। वहीं शादी की सारी खुशियां बेतलब हो गईं। लड़की के भाई अमर बहादुर गौतम ने तीन लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत सुरियावां पुलिस को किया है।

क्षेत्राधिकारी अजय कुमार ने बताया है कि पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। दूसरे आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द खुलासे किये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *