ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उत्तराखंड के नए राज्यपाल बने डॉ. ढाल सिंह बिसेन, CM धामी की मौजूदगी में ली शपथ

देहरादून: उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ ले ली है। देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के साथ हुई। इससे पहले मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति का अधिपत्र पढ़कर सुनाया। डॉ. बिसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है, जो पांच साल से अधिक समय तक उत्तराखंड के राज्यपाल रहे।

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हुआ जन्म

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। उनका जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। पेशे से चिकित्सक और कृषक बिसेन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े रहे हैं। उन्होंने राज्य की राजनीति में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।

चार बार विधायक और एक बार सांसद रहे

डॉ. ढाल सिंह बिसेन वर्ष 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार में वन, परिवहन एवं खनिज, स्कूल शिक्षा और जेल विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम किया।

इसके अलावा, डॉ. बिसेन लोकसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। मई 2019 में वह 17वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *