• August 20, 2026

रिंकू सिंह का तूफानी अर्धशतक, बारिश ने बदला मैच का रोमांच; DLS नियम से मेरठ मावेरिक्स ने लखनऊ फाल्कन्स को 5 रन से हराया

लखनऊ, 19 अगस्त: इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए UP T20 League 2026 के आठवें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने एक बार फिर अपनी फिनिशिंग क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। बारिश से प्रभावित मुकाबले में रिंकू की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत मेरठ ने DLS (डकवर्थ-लुईस-स्टर्न) नियम के तहत लखनऊ फाल्कन्स को 5 रन से हराकर यादगार जीत दर्ज की।

मैच का औपचारिक उद्घाटन लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) बबलू कुमार ने पारंपरिक बेल रिंगिंग सेरेमनी के साथ किया। इस अवसर पर UPCA के कई पदाधिकारी और अतिथि भी मौजूद रहे।

लखनऊ फाल्कन्स ने बनाए 183 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 183/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों पर 45 रनों की तेज पारी खेली, जबकि अजीत वर्मा ने 37 गेंदों में 53 रन बनाकर टीम की पारी को मजबूती दी। अंतिम ओवरों में सत्यम पांडे और विप्रज निगम ने उपयोगी रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

मेरठ की ओर से ज़ीशान अंसारी और विजय कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।

22 रन पर गिर गए थे तीन विकेट

184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही।

पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने स्वास्तिक चिकारा को आउट कर दिया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने लगातार दो विकेट लेकर ऋतुराज शर्मा और अक्षय दुबे को पवेलियन भेज दिया। महज 22 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद मेरठ मुश्किल में नजर आ रही थी।

हालांकि, दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने 52 रनों की साझेदारी कर टीम की वापसी कराई।

रिंकू सिंह ने बदल दिया मैच का रुख

जब मेरठ को अंतिम पांच ओवरों में जीत के लिए 59 रन चाहिए थे, तब कप्तान रिंकू सिंह क्रीज पर आए।

उन्होंने 15वें ओवर में अभिनंदन सिंह पर 19 रन बटोरकर दबाव कम किया। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और मुकाबला DLS नियम के तहत पार स्कोर की ओर बढ़ने लगा।

16.3 ओवर के बाद मेरठ DLS पार स्कोर से एक रन पीछे थी, लेकिन अगली ही गेंद पर रिंकू सिंह ने लंबा छक्का लगाकर टीम को बढ़त दिला दी।

17वें ओवर में जड़े 26 रन

इसके बाद 17वें ओवर में रिंकू सिंह ने नवनीत कुमार की गेंदबाजी की जमकर धुनाई की। उन्होंने केवल पांच गेंदों में 26 रन ठोककर मैच का पूरा समीकरण बदल दिया।

इसी बीच तेज बारिश के कारण 16.5 ओवर के बाद खेल रोकना पड़ा। उस समय मेरठ का स्कोर 154/6 था, जो DLS पार स्कोर से 5 रन आगे था।

बारिश नहीं थमने के कारण मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका और मेरठ मावेरिक्स को DLS नियम के तहत 5 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।

24 गेंदों में नाबाद 55 रन की मैच जिताऊ पारी

रिंकू सिंह ने दबाव भरे मुकाबले में सिर्फ 24 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए। उनकी इस पारी में कई दर्शनीय चौके और छक्के शामिल रहे।

एक समय 22 रन पर तीन विकेट गंवाने वाली मेरठ मावेरिक्स को रिंकू सिंह ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से शानदार जीत दिलाई। उनकी इस पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें भारतीय क्रिकेट का बेहतरीन फिनिशर क्यों माना जाता है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *