• August 20, 2026

बिहार में पेपर लीक के विरोध में RJD का राजभवन मार्च, तेजस्वी यादव हिरासत में; AK-47 फायरिंग को लेकर सरकार पर साधा निशाना

पटना: बिहार में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को राजभवन मार्च निकाला। इस प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने किया। मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

गांधी मैदान से निकला राजभवन मार्च

राजभवन मार्च में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता तिरंगा झंडा लेकर गांधी मैदान पहुंचे। पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को इनकम टैक्स चौराहे तक जाने दिया, लेकिन आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी।

जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान तेजस्वी यादव भी पानी की बौछारों के बीच बैरिकेड पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारे लगाते नजर आए।

तेजस्वी यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में लेकर बस के जरिए RJD कार्यालय के बाहर छोड़ दिया। हिरासत के बाद तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब तक सरकार यह स्पष्ट नहीं करती कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग किसके आदेश पर हुई, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

सीवान फायरिंग मामले को बनाया बड़ा मुद्दा

RJD ने हाल ही में सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई फायरिंग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ता दो डमी AK-47 लेकर पहुंचे और सांकेतिक प्रदर्शन किया।

दरअसल, सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से हवाई फायरिंग का वीडियो सामने आया था। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक विवाद का विषय बन गया।

पुलिस ने दी अपनी सफाई

पुलिस का कहना है कि जिस जवान ने फायरिंग की, उसकी ड्यूटी भीड़ नियंत्रण में नहीं थी। वह उस मार्ग से गुजर रहा था और उसने हवा में गोलियां चलाईं। घटना के बाद संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

BJP ने RJD पर साधा निशाना

RJD के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि यह प्रदर्शन RJD की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में बिहार में हथियारों का बोलबाला था और विपक्ष उसी दौर की राजनीति वापस लाना चाहता है।

पेपर लीक को लेकर तेज हुई राजनीतिक बयानबाजी

बिहार में पेपर लीक और छात्र आंदोलनों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। विपक्ष सरकार से छात्रों से जुड़े मामलों पर जवाब मांग रहा है, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था और जांच प्रक्रिया का हवाला दे रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *