तमिलनाडु विधानसभा में CM विजय का बड़ा दावा, बोले- 3 विभागों में भ्रष्टाचार की फाइलें मेरे पास, सही समय पर करूंगा खुलासा
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा में बुधवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए दावा किया कि उनके पास तीन सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी विस्तृत फाइलें मौजूद हैं। उन्होंने विपक्षी DMK के पूर्व मंत्रियों और विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें इन फाइलों को अभी सार्वजनिक करने के लिए मजबूर न किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उचित समय आने पर इन दस्तावेजों का खुलासा करेंगे।
विधानसभा में भ्रष्टाचार के आरोपों पर गरमाई बहस
विधानसभा में उस समय तीखी बहस देखने को मिली, जब जल संसाधन विभाग के मंत्री एन. आनंद ने पिछली सरकार की आवास योजना में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के तहत कई अयोग्य लोगों को भी आवास आवंटित किए गए थे। यह टिप्पणी उस दौरान आई, जब DMK के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आई. पेरियासामी पार्टी की आवास योजना ‘कलैगनार कनावु इल्लम थिट्टम’ पर अपनी बात रख रहे थे।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने भी लगाए गंभीर आरोप
बहस के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री ए. राजमोहन ने कहा कि जब भी भ्रष्टाचार के सबूत सामने आते हैं, तब DMK के नेता चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री सभी दस्तावेज सार्वजनिक कर दें, तो विपक्ष के नेताओं के पास जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। इस पर विपक्षी सदस्यों ने सरकार से तत्काल सबूत पेश करने की मांग की।
CM विजय बोले- रिपोर्ट मेरी मेज पर रखी है
विपक्ष की मांग पर मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि कुछ दिन पहले वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने सदन को बताया था कि तीन विभागों की विस्तृत जांच रिपोर्ट उन्हें सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन रिपोर्टों में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं।
उन्होंने कहा, “आप सबूत मांग रहे हैं। तीन विभागों की विस्तृत रिपोर्ट मेरी मेज पर रखी है। मुझे उन्हें अभी खोलने के लिए मजबूर मत कीजिए। सही समय आने पर मैं उनका खुलासा करूंगा।”
‘मुझे पता है कब और कैसे बोलना है’
मुख्यमंत्री विजय ने आगे कहा कि उन्हें अच्छी तरह पता है कि किस समय और किस तरह अपनी बात रखनी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार संवाद और लोकतांत्रिक तरीके से काम करना चाहती है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि कुछ राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने अब तक इन मामलों को सार्वजनिक नहीं किया।