तमिलनाडु में एग्जिट पोल पर विवाद: टीवीके नेता ने किया खारिज, 200 सीट जीतने का दावा
तमिलनाडु समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की वोटिंग पूरी हो चुकी है और बुधवार शाम को एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए। हालांकि, टीवीके नेता के.ए. सेंगोट्टईयन ने इन एग्जिट पोल को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि ये सर्वेक्षण वास्तविक जनमत को नहीं दर्शाते और उनकी पार्टी के पक्ष में मौजूद भारी समर्थन को नजरअंदाज कर रहे हैं।
सेंगोट्टईयन ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनके नेता विजय 200 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे और राज्य में सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही अपना मन बना चुकी है और तमिलनाडु एक बड़े राजनीतिक बदलाव के दौर से गुजरने वाला है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य मौजूदा अनुमानों को गलत साबित करते हुए एक ऐतिहासिक राजनीतिक परिवर्तन की ओर बढ़ रहा है। सेंगोट्टईयन ने इसे ‘सीटी क्रांति’ करार देते हुए कहा कि यह सिर्फ तमिलनाडु तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि देश और दुनिया में इसकी चर्चा होगी।
गौरतलब है कि टीवीके का चुनाव चिन्ह ‘सीटी’ (व्हिसल) है। सेंगोट्टईयन ने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी एग्जिट पोल और वास्तविक चुनाव परिणामों में बड़ा अंतर देखा गया था।