तेलंगाना में दो नए MLC नामित, अजहरुद्दीन और कोडंडाराम रेड्डी आज लेंगे शपथ
तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन और प्रोफेसर एम. कोडंडाराम रेड्डी को राज्य की विधान परिषद (MLC) के लिए नामित किया है। राज्यपाल के इस निर्णय के बाद दोनों नेता आज पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।
दोनों नेताओं का नामांकन राज्यपाल के कोटे से किया गया है, जिसे राज्य की राजनीति में अहम माना जा रहा है। यह नामांकन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 171 के तहत राज्यपाल को प्राप्त अधिकारों के अंतर्गत किया गया है।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह निर्णय विधान परिषद की दो रिक्त सीटों को भरने के लिए लिया गया है। ये सीटें पहले नामित सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हुई थीं। दोनों नए सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना की तारीख से अगले छह वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
यह आदेश 26 अप्रैल 2026 को राज्यपाल की स्वीकृति के बाद लागू किया गया। अधिसूचना पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सरकार के सचिव सी. सुदर्शन रेड्डी के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।
तेलंगाना कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों नेता आज एमएलसी के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
बताया जा रहा है कि इस शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शामिल होने की भी संभावना है।