बंगाल चुनाव 2026: स्मृति ईरानी का ममता बनर्जी पर हमला, बोलीं—‘मुख्य मुद्दों से बचती हैं मुख्यमंत्री’
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के अंतिम दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कोलकाता में जनसंपर्क के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी कभी भी राज्य के वास्तविक और अहम मुद्दों पर खुलकर चर्चा नहीं करतीं।
इंडिया टीवी के पॉलिटिकल एडिटर देवेंद्र पराशर के साथ बातचीत में ईरानी ने कहा कि जब भी विपक्ष पश्चिम बंगाल के विकास, अर्थव्यवस्था और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा लाने की कोशिश करता है, तब मुख्यमंत्री इन विषयों से बचती हैं। उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी अक्सर मां, मछली या झालमूड़ी जैसे विषयों की बात करती हैं, लेकिन राज्य की अर्थव्यवस्था या विकास पर खुली बहस से दूर रहती हैं।”
ईरानी ने कहा कि किसी भी सरकार से समाज यह उम्मीद करता है कि वह गरीब और कमजोर वर्गों के संरक्षण के लिए काम करे, लेकिन कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर भी राज्य सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं दिया जाता। उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2026 के बीच केंद्र सरकार द्वारा टैक्स डेवोल्यूशन, ग्रांट्स और ब्याज मुक्त कर्ज के माध्यम से पश्चिम बंगाल को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये दिए गए, लेकिन इन पैसों के उपयोग पर जवाबदेही नहीं दिखाई गई।
उन्होंने मालदा में जजों को बंधक बनाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इस पर भी तृणमूल कांग्रेस की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उनके अनुसार, ऐसे मुद्दों पर मौन रहना राज्य में बदलाव की आवश्यकता का संकेत है।
चुनावी मुकाबले पर बात करते हुए ईरानी ने कहा कि इस बार सीधी टक्कर भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच है, जबकि वामपंथी दल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस चुनावी परिदृश्य में प्रभावी नजर नहीं आ रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा बलों, चुनाव आयोग और पुलिस द्वारा बनाए गए तंत्र के कारण इस बार मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सके हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंसा की घटनाओं के बावजूद रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत इस चुनाव का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहलू बनकर उभरा है।