पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव: आज शाम 4 बजे चुनाव आयोग कर सकता है तारीखों का ऐलान
देश के पांच प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज अहम घोषणा हो सकती है। जानकारी के अनुसार, चुनाव आयोग रविवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, जिन प्रदेशों में विधानसभा चुनाव होने हैं उनमें चार राज्य — पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम — शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी इसी दौरान चुनाव कराए जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसके लिए आयोग ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें विस्तृत चुनाव कार्यक्रम जारी किया जा सकता है।
गौरतलब है कि इन पांचों प्रदेशों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। चुनाव से पहले विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (SIR) के तहत सभी राज्यों और पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां भी प्रकाशित की जा चुकी हैं।
इधर, चुनाव की संभावनाओं को देखते हुए राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कई पार्टियां उम्मीदवारों के चयन और प्रचार रणनीति पर काम कर रही हैं। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी है।
अब सबकी नजर चुनाव आयोग की आज शाम होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी है, जहां से विधानसभा चुनाव की तारीखों को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।