ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मैनपुरी : खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुआ दो पक्षों में विवाद, लाठी-डंडे भी चले, और फिर चल गयी गोली…

मैनपुरी में आलू की खुदाई के दौरान खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान एक पक्ष ने तमंचे से एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल से सैफई रेफर किया गया है। युवक को गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गांव में रहने वाले अजीत सिंह के खेतों में आलू की खुदाई चल रही थी। आलू लोड होने के लिए ट्रैक्टर खेत में खड़ा था। ट्रैक्टर को मेन रोड तक ले जाने के लिए गांव के निवासी मुरारी भदौरिया के खेत से होकर गुजरना पड़ता है। जैसे ही अजीत के भाई ने मुरारी भदौरिया के खेत से ट्रैक्टर निकालने की कोशिश की, तो उसने खेत में खड़ी फसल का हवाला देते हुए ट्रैक्टर निकालने से मना कर दिया।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षो में विवाद शुरू हो गया। इतने में ट्रैक्टर चला रहे युवक ने अपने भाई अजीत को सूचना दी। इसके बाद वह

लाठी-डंडा व तमंचा लेकर मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान अजीत ने तमंचा निकाल कर मुरारी भदौरिया के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली पेट में जा लगी। इस दौरान वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। वहीं, आरोपी मौका देखते ही घटनास्थल से फरार हो गया।

इसके बाद एसपी राजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घायल को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही घटना की ग्रामीणों से जानकारी ली। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है। उधर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मुरारी की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल से सैफई रेफर कर दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कोतवाली क्षेत्र के अगौथा गांव में दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। इस दौरान एक व्यक्ति के पेट में गोली लगी है। तहरीर मिल गई है। कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *