ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

टमाटर ने बिगाड़ा रसोई का बजट, खुदरा भाव 120-160 रुपये प्रति किलोग्राम

टमाटर की दिन-ब-दिन बढ़ती कीमतों ने लोगों के खाने का जायका और रसोई का बजट भी बिगाड़ दिया है। देश के अधिकांश राज्यों में टमाटर की कीमतें आसमान छू रही हैं। दिल्ली-एनसीआर में टमाटर का भाव 120 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। देश के ज्यादातर अन्य राज्यों में भी टमाटर पेट्रोल से महंगा हो गया है।

एशिया की सबसे बड़ी थोक फल और सब्जी मंडी आजादपुर में बुधवार को टमाटर गुणवत्ता के आधार पर 70-120 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिका है। आजादपुर टमाटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कौशिक ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि बारिश के कारण उत्पादक केंद्रों से आपूर्ति बाधित होने की वजह से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में टमाटर की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल टमाटर के थोक कारोबारी हिमाचल प्रदेश से आने वाले टमाटर पर निर्भर हैं।

कौशिक ने बताया कि पड़ोसी राज्य हरियाणा और उत्तर प्रदेश से टमाटर का आवक नहीं के बराबर है, जबकि दक्षिण के राज्यों से आने वाला टमाटर का भाव भी यहां पहुंचने पर 1800-2800 रुपये प्रति कैरट (एक कैरेट में 25 किलोग्राम) रहा है। उन्होंने कहा कि जब थोक मंडी में ही टमाटर 120 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव बिक रहा है तो ऐसे में यह खुदरा में 140-160 रुपये प्रति किलोग्राम ही मिलेगा। कौशिक ने बताया कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति रहने वाली है। कौशिक आजादपुर मंडी के कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) के सदस्य भी हैं।

इस बीच टमाटर की बढ़ती कीमतों से लोगों को राहत दिलाने के लिए तमिलनाडु सरकार ने शहर की 82 उचित दर यानी राशन की दुकानों पर 60 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर इसकी बिक्री शुरू की है। हालांकि, उपभोक्ता मामलों के विभाग में सचिव रोहित कुमार सिंह ने पिछले हफ्ते एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा था कि हिमाचल प्रदेश के सोलन और सिरमौर जिलों से बेहतर आपूर्ति होने पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में टमाटर की खुदरा कीमतें तुरंत कम हो जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि बारिश के मौसम में सब्जियों के दाम में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। टमाटर जो 15 दिन पहले 20 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा था, वो अब 120 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा है। इसके अलावा हरी मिर्च 100 रुपये प्रति किलोग्राम, लहसुन 120 रुपये किलो, धनिया 100 रुपये और अदरक की कीमत 280 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *