ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उप्र में दिन व रात का अधिक रहेगा पारा, कानपुर में 44 डिग्री पार

उत्तर प्रदेश में नौतपा का असर पूरी तरह से दिखाई दे रहा है और तापमान में बराबर बढ़ोतरी हो रही है। कानपुर में तो रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे शहरवासी भीषण गर्मी से बिलबिला उठे। दोपहर में तो ऐसी स्थित हो गई कि सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी पांच दिनों तक उत्तर प्रदेश में दिन व रात का पारा सामान्य से अधिक रहेगा जिससे रात में भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, मध्य बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर एक चक्रवात रेमल पिछले 6 घंटों के दौरान 06 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर दिशा की ओर बढ़ गया है। 26 मई की आधी रात तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में लगभग उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और सागर द्वीप और खेपूपारा के बीच बांग्लादेश और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल के तट को पार करने की संभावना है, जो मोंगला के दक्षिण-पश्चिम के करीब हो सकता है।

हवा की अधिकतम गति 110-120 किमी प्रति घंटे तथा बीच-बीच में 135 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर मध्य प्रदेश और विदर्भ तक तेलंगाना तक फैली हुई है, जो औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बनी हुई है। विदर्भ के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी केरल पर है। मौसम की इन गतिविधियों से मानसून आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है, लेकिन आगामी पांच दिन उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 44.2 और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 48 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 16 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 3.0 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं व लू चलने की पूरी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *