• May 7, 2026

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- बंगाल नतीजों के बाद 4 घंटे बेहोश रहे

ओमप्रकाश राजभर ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने खास तौर पर अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को निशाने पर लिया।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे आने के बाद अखिलेश यादव “बेहोश” हो गए थे और करीब चार घंटे तक सदमे में रहे। उन्होंने कहा कि अब विपक्षी दलों को समझ आ गया है कि सत्ता में वापसी आसान नहीं है।

उन्होंने ममता बनर्जी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि “दीदी भी संविधान को नहीं मानती हैं और अखिलेश यादव भी नहीं मानते, इसलिए वे कोलकाता जा रहे हैं।”

विपक्षी दलों को बताया ‘दगे कारतूस’

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) समेत कई विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में विपक्ष “दगे हुए कारतूस” साबित हुआ है।

उन्होंने चुनावी रणनीतिकार संस्था I-PAC पर भी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि उसका फंड “कोयला घोटाले के पैसे” से चलता था और पश्चिम बंगाल में सत्ता समीकरण बदलने के बाद उसका कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया।

‘झालमुड़ी खाकर आइएगा’

अखिलेश यादव के पश्चिम बंगाल दौरे पर कटाक्ष करते हुए राजभर ने कहा, “जब बंगाल जाएं तो दीदी के हाथ की थोड़ी झालमुड़ी जरूर खाकर आइएगा।”

उन्होंने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “इनका PDA सिर्फ डिंपल और अखिलेश तक सीमित है।”

यूपी में सत्ता वापसी पर भी तंज

राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के बावजूद उत्तर प्रदेश में विपक्ष को अगले 20 साल तक सत्ता में आने का मौका नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव फंड की कमी की बात कर रहे हैं, लेकिन यह कमी आगे और बढ़ने वाली है। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के ज्योतिष संबंधी बयान पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “ज्योतिषी उन्हें सच बोलने की सलाह दें।”

राजभर ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों के बाद अब पूरे देश की नजर उत्तर प्रदेश की राजनीति पर है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *