ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मध्य प्रदेश में किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का बड़ा चक्का जाम, NH-3 समेत कई मार्गों पर यातायात प्रभावित

मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (NH-3) सहित कई प्रमुख सड़कों पर विशाल चक्का जाम किया, जिससे कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है और उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस सड़कों से लेकर जेल तक आंदोलन जारी रखेगी।

कांग्रेस और विभिन्न किसान संगठनों ने मिलकर इस प्रदर्शन की रणनीति तैयार की थी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के अनुसार, सुबह 11 बजे से राज्य के अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। आंदोलन के कारण आगरा और मुंबई के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

समर्थन मूल्य और खरीद को लेकर सरकार पर आरोप

जीतू पटवारी ने कहा कि चुनाव के दौरान बीजेपी ने किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में किसानों को केवल 2625 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से जरूरत के मुकाबले कम गेहूं खरीद रही है, जिसके कारण किसानों को खुले बाजार में कम कीमत पर अपनी फसल बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस ने धान खरीद, खाद की कमी और कृषि उपकरणों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।

इंदौर और मुरैना में प्रदर्शन

इंदौर में मेडिकैप्स कॉलेज चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर खड़े कर विरोध जताया, जिससे हाईवे पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई।

वहीं मुरैना में कांग्रेस का चक्का जाम तय समय पर शुरू नहीं हो सका। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सात अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन की योजना बनाई गई थी।

ग्वालियर, भिंड और मुरैना के कांग्रेस कार्यकर्ता ग्वालियर-मुरैना सीमा स्थित निरावली तिराहे पर जुटे रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। नवागत पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बुधवार शाम प्रदर्शन स्थलों का निरीक्षण भी किया था।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जसबीर गुज्जर ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *