ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भाषा विश्वविद्यालय के डॉ. कमलेश कुमार सोनी को ‘HABIT Scientist Award-2026’, छात्राओं ने पोस्टर प्रस्तुति में हासिल किया चौथा स्थान

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (KMCLU) के जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT), प्रयागराज में आयोजित द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘HABIT-2026’ में विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्राओं ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। सम्मेलन में विज्ञान संकाय के सहायक आचार्य डॉ. कमलेश कुमार सोनी को प्रतिष्ठित ‘HABIT Scientist Award-2026’ से सम्मानित किया गया, जबकि विभाग की दो छात्राओं ने पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया।

पादप आणविक जीवविज्ञान में योगदान के लिए मिला सम्मान

सम्मेलन के दौरान डॉ. कमलेश कुमार सोनी को पादप आणविक जीवविज्ञान (Plant Molecular Biology) के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध, नवाचार और महत्वपूर्ण वैज्ञानिक योगदान के लिए ‘HABIT Scientist Award-2026’ प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके शोध कार्यों और इस क्षेत्र में किए गए प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

हेबा मेहदी और फातिमा ओबैद ने पोस्टर प्रस्तुति में हासिल किया चौथा स्थान

सम्मेलन में भाषा विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की बीएससी (बायोटेक्नोलॉजी) की छात्राओं हेबा मेहदी और फातिमा ओबैद ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं ने शोध एवं समीक्षा आधारित पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उन्होंने चौथा स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

 कुलपति ने दी बधाई, शोध और नवाचार को बताया महत्वपूर्ण

शिक्षक और छात्राओं की इस दोहरी उपलब्धि से विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने डॉ. कमलेश कुमार सोनी, हेबा मेहदी और फातिमा ओबैद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कुलपति ने कहा कि शिक्षकों का उत्कृष्ट शोध कार्य और विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियां विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता और शोध संस्कृति को नई पहचान देती हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

भाषा विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्राओं की इस सफलता से संस्थान की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *