ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

आयरनमैन हार्दिक पाटिल ने 15 दिनों में जीती तीन चैंपियनशिप

मुंबई से सटे पालघर जिले के विरार क्षेत्र के रहने वाले आयरनमैन हार्दिक पाटिल का एक के बाद नए कीर्तिमान बनाने का सिलसिला जारी है। उन्होंने 15 दिनों में विदेशी धरती पर आयोजित तीन प्रतियोगिताओं में तीन चैंपियनशिप अपने नाम की हैं। इस प्रकार हार्दिक पाटिल तीन प्रमुख प्रतियोगिताओं को पूरा करने वाले एकमात्र भारतीय बन गए हैं। हाल ही में स्पेन में हुए फुल आयरनमैन प्रतियोगिता में उन्होंने सफलता हासिल की है। इसके साथ ही बर्लिन और शिकागो में उन्होंने फुल मैराथन पूरी की है।

हार्दिक पाटिल ने स्पेन में फुल आयरनमैन प्रतियोगिता में 180 किमी साइकिलिंग, 3.8 किमी तैराकी और 42 किमी दौड़ 14 घंटे और 7 मिनट में पूरी की। उनकी यह 23वीं फुल आयरनमैन प्रतियोगिता रही। इसी प्रकार हार्दिक ने बर्लिन में 15वीं फुल मैराथन 4 घंटे 7 मिनट में और शिकागो में 16वीं फुल मैराथन 5 घंटे 8 मिनट में पूरी कर देश का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में दुनिया भर से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। हार्दिक ने यह कठिन प्रतियोगिता बर्लिन और स्पेन में मौसम के हिसाब से 28 से 30 डिग्री तापमान में पूरी की। इस तरह से विदेशी धरती पर भारत का झंडा फहरा कर हार्दिक ने वसई-विरार, पालघर जिला और महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

इसके अलावा हार्दिक पाटिल एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने विश्व मैराथन मेजर सीरीज में दुनिया भर के छह स्थानों पर प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया है, इसमें कुल पांच रिकॉर्ड बनाए हैं। हार्दिक ने चार बार इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, चार बार वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया और तीन बार एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। प्रोफेशनल होने के बावजूद हार्दिक समय-समय पर विश्वस्तरीय प्रतियोगिताएं जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। हार्दिक ने हिंदुस्थान समाचार को बताया कि उन्होंने इस साल एक फुल आयरनमैन और दो हाफ आयरनमैन प्रतियोगिता पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। आने वाले समय में पालघर और ठाणे जिले के एथलीटों को एक मंच देने के लिए स्पोर्ट्स क्लब खोलने की भी उनकी योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *