ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

Akhilesh Yadav News: योगी सरकार फिर कटघरे में! ‘उत्तर प्रदेश में कानून का नहीं, BJP का राज है’-अखिलेश

Akhilesh Yadav News

Uttar Pradesh

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा (BJP) और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा हैं। उन्होंने हर बार की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में “गोरखधंधा” चल रहा है और जनता को डराकर, धमकाकर ज़मीन छीनी जा रही है। अखिलेश यादव ने वार्ता में ये भी कहा कि जहाँ भी BJP को ज़मीन दिख रही है, वहां प्रशासन के साथ मिलकर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर में सबसे ऊँचे पद पर बैठा व्यक्ति इस पूरे खेल का संचालन कर रहा है। आगे अखिलेश का कहना था कि ज़मीनों पर कब्ज़ा कर भ्रष्टाचार को संस्थागत बना दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि “जब आखिरी बजट होता है, तब विरासत गलियारा बनाया जा रहा है”, उनका यह बयान मुख्यमंत्री योगी द्वारा गोरखपुर में बनवाए जा रहे विरासत गलियारे की ओर इशारा था। अखिलेश का आरोप था कि असली विरासत गलियारे की जगह अब “हिरासत गलियारा” बन रहा है, जहाँ जनता की जमीनें छीनी जा रही हैं। आइए जानते हैं…. अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर क्या कुछ कहा….?

गोरखपुर पर तीखा हमला

इस प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने खासतौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर को निशाना बनाते हुए कहा कि “गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है।” उन्होंने कहा कि वहां के बाजार में लोगों को ज़मीन का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा, बल्कि उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। “जब मुख्यमंत्री की खुद की जमीन का मामला आया था, तो अधिकतम मुआवज़ा लिया गया, लेकिन आम जनता को उसका हक नहीं दिया गया,” – अखिलेश यादव ने कहा।उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में कई एकड़ ज़मीन पहले ही खरीदी जा चुकी है, लेकिन उस प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने कहा कि BJP को सिर्फ “मलाई” खाने से मतलब है, उन्हें जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है।

दिल्ली से गोरखपुर हर तरफ नाकामी

वार्ता में अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ दोनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “आज दिल्ली में आठ साल और उत्तर प्रदेश में भी इतने ही साल हो गए, लेकिन न झांसी में मेट्रो बनी, न गोरखपुर में। ये लोग सिर्फ घोषणाएं करते हैं, जमीन पर कुछ नहीं होता।”उन्होंने कहा कि अयोध्या और प्रयागराज में भाजपा की हार इस बात का प्रमाण है कि जनता अब बीजेपी से तंग आ चुकी है। “अब मथुरा और गोरखपुर का नंबर है,” – अखिलेश ने कहा।

भ्रष्टाचार और शिक्षा में घोटाले के आरोप

अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “सिसोदिया कॉलेज” में बड़ा घोटाला हुआ है, और कई छात्रों को अब तक डिग्री नहीं मिली है। उन्होंने दावा किया कि इस कॉलेज में शिक्षा के नाम पर केवल धोखाधड़ी की गई, और छात्रों का भविष्य अंधकार में डाला गया।

बुलडोजर नीति को बनाया निशाना

अखिलेश यादव ने योगी सरकार की बुलडोजर नीति को भी जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब अन्याय का प्रतीक बन चुका है। “यह वही तरीका है जो हिटलर के समय में अपनाया जाता था। लेकिन मेरे कार्यकर्ता इन बुलडोज़रों से डरने वाले नहीं हैं।”उन्होंने गोरखपुर के डीएम और एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इन अधिकारियों ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर जनता के साथ अन्याय किया है।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल

अखिलेश यादव ने हाल ही में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने एक 17 वर्षीय नाबालिग यूट्यूबर के साथ हुए कथित दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद में इस तरह की घटनाएं साबित करती हैं कि पुलिस-प्रशासन नाकाम हो चुका है।

तालाब और जमीनों पर अवैध कब्जा

उन्होंने लखनऊ की स्थिति पर बोलते हुए कहा कि यहाँ कई तालाबों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। “योगी जी को तो नक्शा देखना तक नहीं आता,” – उन्होंने तंज करते हुए कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार के सलाहकार भी संदिग्ध भूमिका निभा रहे हैं और उन्होंने “पता नहीं किससे हाथ मिला लिया है।” उन्होंने कहा कि गोरखपुर के लोग जानते हैं कि सबसे ज़्यादा रजिस्ट्रियाँ किनके नाम हुई हैं और कैसे कई एकड़ ज़मीनें खरीदी जा चुकी हैं।

समाजवादी पार्टी का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी, तो इन सभी घोटालों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि “गोरखपुर में सपा की सरकार आने पर फर्जी विरासत गलियारे की जगह असली विकास का गलियारा बनेगा।”उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में आज जो भी कारखाने चल रहे हैं, वे समाजवादी पार्टी की देन हैं। भाजपा केवल इनका श्रेय लेने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *