ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-NCR में लोगों को मिली बड़ी राहत! गर्मी से मिली निजात, मौसम हुआ सुहावना

Delhi-NCR Rain

Delhi-NCR Rain

Delhi-NCR Rain: दिल्ली समेत NCR में शनिवार दोपहर को लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। दिल्लीवासी पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा था। शुक्रवार को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था और धूप इतनी तीव्र थी कि सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो गया था। लेकिन शनिवार दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और काले बादलों ने आसमान को ढक लिया। इसके बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश शुरू हो गई।

अचानक बदला मौसम, उमस से राहत

शनिवार को सुबह से ही गर्मी और उमस का दौर जारी था। लोग पसीने से तरबतर थे और मौसम की मार झेल रहे थे। लेकिन जैसे ही दोपहर के बाद काले बादल छाए, एक राहत की उम्मीद जगी। इसके तुरंत बाद कई इलाकों में हल्की से लेकर तेज बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) और RK पुरम जैसे क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत की सांस ली।

बात करें फरीदाबाद की तो… वहाँ भी तेज बारिश हुई। बारिश की बूंदें जैसे ही जमीन पर गिरीं, लोगों के चेहरे खिल उठे। दुपहिया वाहन चालक भीगते हुए नजर आए और बच्चों ने सड़कों पर खेलते हुए बारिश का आनंद लिया। शहर की सड़कों पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक धीमा जरूर हुआ, लेकिन मौसम की ठंडक ने सभी को प्रसन्न कर दिया।

नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश से बदला माहौल

दिल्ली के अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी दोपहर के समय अचानक मौसम बदला। काले बादल घिर आए और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश की फुहारों ने तपती धरती को राहत पहुंचाई और लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। वहीं, गाजियाबाद में भी तेज बारिश हुई, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया। लोग अपने घरों की बालकनियों और छतों से बारिश का आनंद लेने लगे।

मौसम विभाग की भविष्यवाणी हुई सही

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली ने पहले ही शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया था। शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान में कहा गया था कि शनिवार को बारिश की संभावना है और लोगों को इससे राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब 1.9 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी 29.0 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

बारिश पर लोगो की प्रतिक्रिया

बारिश के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने वीडियो और फोटो साझा करते हुए बारिश का आनंद लिया और खुशी जाहिर की। एक ट्विटर उपयोगकर्ता ने लिखा, “आख़िरकार बारिश आ ही गई, अब सांस लेना थोड़ा आसान लग रहा है।” वहीं, एक अन्य उपयोगकर्ता ने कहा, “इतनी उमस के बाद ये बारिश किसी वरदान से कम नहीं है।” पार्कों में लोग टहलते नजर आए, जबकि कई लोग चाय की दुकानों पर गरमागरम पकौड़े और चाय का आनंद लेते देखे गए। बारिश ने सिर्फ मौसम ही नहीं, लोगों के मूड को भी खुशनुमा बना दिया।

पर्यावरणीय प्रभाव और कृषि के लिए लाभदायक

इस बारिश से न सिर्फ आमजन को राहत मिली है, बल्कि यह पर्यावरण और कृषि के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। बारिश के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा जा सकता है, जो हाल के दिनों में “खराब” से “मध्यम” श्रेणी में दर्ज की गई थी। साथ ही, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में बारिश से खरीफ फसलों को भी फायदा होगा।

सप्ताहभर रह सकती है राहत

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि सप्ताहभर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। यह बारिश धीरे-धीरे तापमान को सामान्य स्तर पर ले आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी। हालांकि, कुछ जगहों पर जलभराव की समस्या हो सकती है, जिस पर प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *