• June 18, 2026

श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, वनडे में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे भारतीय बने

लखनऊ: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि अपने नाम कर ली। लखनऊ में खेले गए इस मुकाबले के दौरान अय्यर वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने वाले संयुक्त रूप से दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। श्रेयस अय्यर ने यह उपलब्धि अपनी 72वीं वनडे पारी में हासिल की। इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की बराबरी की है, जिन्होंने भी 72 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। इस सूची में शीर्ष स्थान पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल हैं, जिन्होंने महज 62 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था।

वनडे में भारत के लिए सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • 62 पारी – शुभमन गिल
  • 72 पारी – शिखर धवन
  • 72 पारी – श्रेयस अय्यर
  • 75 पारी – विराट कोहली
  • 78 पारी – केएल राहुल
  • 79 पारी – नवजोत सिंह सिद्धू

दूसरे वनडे में अय्यर का प्रदर्शन

लखनऊ वनडे में श्रेयस अय्यर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और 24 गेंदों में 26 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। अय्यर 108.33 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन नांगेलिया खरोटे ने उन्हें अपना शिकार बनाया। उनका कैच इब्राहिम जादरान ने लपका।

भारत ने दर्ज की 170 रन की बड़ी जीत

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 49.5 ओवर में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शुभमन गिल ने 154 रन और ईशान किशन ने 125 रन की शानदार शतकीय पारियां खेलीं। वहीं रोहित शर्मा ने 48 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। 403 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई। अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह ने सर्वाधिक 79 रन बनाए, जबकि सेदिकुल्लाह अटल ने 42 और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 41 रन की पारी खेली। हालांकि, उनकी पारियां टीम को हार से नहीं बचा सकीं। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली, जबकि श्रेयस अय्यर ने एक और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *