• May 4, 2026

तमिलनाडु में TVK का जलवा: विजय की पार्टी ने DMK-AIADMK को छोड़ा पीछे

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव संकेत दिया है। सुबह 11:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, सुपरस्टार से नेता बने विजय की नई पार्टी TVK (तमिलगा वेट्री कजगम) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक दलों को पीछे छोड़ दिया है।

सीटों का गणित
अब तक सामने आए रुझानों के मुताबिक TVK+ 105 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, AIADMK+ 81 सीटों पर और DMK+ 48 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। राज्य की कुल 234 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुआ था, जिसमें यह प्रदर्शन एक बड़े राजनीतिक उलटफेर की ओर इशारा कर रहा है।

कब हुई थी वोटिंग?
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान संपन्न हुआ था। चुनाव आयोग द्वारा 4 मई को मतगणना की तारीख तय की गई थी, जिसके तहत आज वोटों की गिनती जारी है। देर रात तक सभी सीटों के अंतिम नतीजे घोषित किए जा सकते हैं।

TVK का गठन और राजनीतिक सफर
TVK पार्टी की स्थापना 2 फरवरी 2024 को विजय ने की थी। उनके इस कदम को केवल एक राजनीतिक पार्टी का गठन नहीं, बल्कि एक व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत के रूप में देखा गया। पार्टी का उद्देश्य राज्य के सभी वर्गों के विकास और सामूहिक कल्याण को बढ़ावा देना बताया गया है।

पार्टी गठन के बाद से ही इसकी विचारधारा, रणनीति और संभावित गठबंधनों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज रही। TVK ने 2024 के लोकसभा चुनावों से दूरी बनाए रखी थी और किसी भी दल को समर्थन नहीं दिया था।

राजनीति में नया चेहरा, बड़ा प्रभाव
वर्तमान रुझानों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि तमिलनाडु की जनता ने एक नए राजनीतिक विकल्प पर भरोसा जताया है। अभिनेता से राजनेता बने विजय का यह प्रदर्शन दर्शाता है कि नई पार्टी भी जनता के विश्वास के दम पर मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकती है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव में TVK का उभार राज्य की पारंपरिक राजनीति को नई दिशा दे सकता है, और विजय इस चुनाव के सबसे प्रमुख चेहरे बनकर उभरे हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *