शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच के लिए SIT गठित, कई संदिग्ध हिरासत में
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है। शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है।
घटना नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में बुधवार देर रात हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
SIT करेगी साजिश की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, IG रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में गठित SIT पूरे हत्याकांड की जांच करेगी। टीम में विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की साजिश और हमलावरों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में तीन स्थानीय हिस्ट्रीशीटरों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इन लोगों ने हमलावरों की मदद की थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं।
कैसे हुई वारदात?
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे चंद्रनाथ रथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो दोहरिया इलाके में पहुंची, पीछे चल रही एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया। इसके तुरंत बाद बाइक सवार हमलावरों ने स्कॉर्पियो की बाईं ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में चंद्रनाथ रथ को सीने, पेट और चेहरे पर कई गोलियां लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में उनके ड्राइवर को भी गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल ड्राइवर का इलाज कोलकाता के एक अस्पताल में चल रहा है।
राजनीतिक माहौल गरमाया
इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। विपक्षी नेताओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।