• August 9, 2026

प्रयागराज में राहुल गांधी का युवाओं से संवाद, रोजगार, AI, डेटा और शिक्षा पर रखी अपनी बात

प्रयागराज: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रयागराज में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने रोजगार, शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डेटा और देश के युवाओं की भूमिका जैसे मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।

‘प्रयागराज मेरी फैमिली का घर रहा है’

अपने संबोधन की शुरुआत में राहुल गांधी ने प्रयागराज से अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा,

“यह शहर मेरी फैमिली का घर रहा है। यहां आकर मुझे हमेशा खुशी होती है। एक समय इलाहाबाद विश्वविद्यालय देश की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटीज़ में गिना जाता था। आज मैं आपसे दर्द, डेटा और दौलत की बात करना चाहता हूं।”

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का डेटा और उनकी क्षमता भारत की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन उसका लाभ युवाओं तक नहीं पहुंच रहा।

‘भारत के 40 करोड़ युवा सबसे बड़ी ताकत’

राहुल गांधी ने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है।

उन्होंने कहा,

“भारत में करीब 40 करोड़ युवा रहते हैं। यही देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। अगर भारत आगे बढ़ेगा तो युवाओं की क्षमता और उनकी ताकत के दम पर आगे बढ़ेगा।”

उन्होंने कहा कि हर भारतीय युवा में प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और क्षमता मौजूद है, जिसे सही अवसर मिलने की जरूरत है।

AI और डेटा पर क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था दो प्रमुख आधारों पर टिकी है—युवाओं की क्षमता और डेटा।

उन्होंने कहा,

“युवा + डेटा = 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था।”

AI पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की चर्चा तो बहुत होती है, लेकिन युवाओं के डेटा के बिना AI का कोई महत्व नहीं है।

उन्होंने कहा,

“अगर AI विकसित होता है तो वह आपके द्वारा तैयार किए गए डेटा के आधार पर ही बनता है।”

शिक्षा और रोजगार को लेकर सरकार पर निशाना

राहुल गांधी ने दावा किया कि छात्र और उनके परिवार शिक्षा पर बड़ी रकम खर्च करते हैं, लेकिन डिग्री और प्रमाणपत्र मिलने के बावजूद रोजगार नहीं मिल रहा।

उन्होंने कहा,

“परिवार करोड़ों रुपये खर्च करते हैं, बच्चों को सर्टिफिकेट मिलते हैं, लेकिन नौकरी नहीं मिलती। कई जगह पेपर लीक हो जाते हैं और मेहनत करने वाले छात्रों को नुकसान उठाना पड़ता है।”

कार्यक्रम के दौरान दो अभ्यर्थियों ने भी मंच पर आकर अपनी समस्याएं साझा कीं।

बीजेपी और आरएसएस पर लगाए आरोप

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में रोजगार के अवसर कम हुए हैं और विभिन्न संस्थानों में आरएसएस से जुड़े लोगों की नियुक्ति की गई है।

पटना के छात्रों से भी की बातचीत

राहुल गांधी ने बताया कि कार्यक्रम में मौजूद पटना के कुछ छात्रों ने उनसे कथित लाठीचार्ज की घटना का जिक्र किया। इस पर उन्होंने कहा,

“नफरत और हिंसा से नहीं, बल्कि मोहब्बत और लोकतांत्रिक तरीके से व्यवस्था में बदलाव लाना होगा।”

राहुल गांधी का यह पूरा संबोधन उनके आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर भी साझा किया गया है, जिसे “छात्रों की गूंज” शीर्षक के साथ पोस्ट किया गया।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *