October 7, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भारत छोड़ो आंदोलन का भाजपा ने किया था विरोध, छुपाने के लिए लगवा रहे घर-घर झंडे: अखिलेश यादव

ये झंडा लगाने का कार्यक्रम बीजेपी इसीलिए करती है क्योंकि इन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था। इन लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व समाजवादियों का साथ नहीं दिया था। ये बात छुपाने के लिए ये घर-घर झंडा लगा रहे हैं।

यह आरोप समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी प्रशिक्षण शिविर में शुक्रवार को मंच से बोलते हुए लगाया है। फतेहपुर शहर के मुस्लिम इंटर कालेज में लोक जागरण अभियान के अन्तर्गत आयोजित समाजवादी प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने सड़क पर घूमने वाले अन्ना पशुओं पर तंज कसते हुए कहा कि हमने भारत की सड़कों पर नई भर्ती देखी है सांड वाली, हम कैसे मान लें कि विकसित देश बना दोगे। मैंने सदन में पूछा कि जो उनके मंत्री विदेश गए थे उद्योगपतियों को बुलाने कहीं पर ऐसी चार पैर वाली भर्ती मिली हो तो बता दो।

गंगा नदी से लगे जनपद फतेहपुर के दोआब क्षेत्र में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे गरीबों को, किसानों को, आम जन को आप डीजल-पेट्रोल महंगा दे रहे हो और मुनाफा कमा रहे हो। ये मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है? गरीब की जेब से निकाल कर के अमीरों की तिजोरी में भरने का काम अगर कोई कर रहा है तो भारतीय जनता पार्टी है।

पुलिस के लोग बहुत ही अनुशासन में रहने वाले लोग हैं। ये सिर्फ ऑर्डर मानते हैं और कुछ नहीं मानते, अभी ऑर्डर जो चलता है वो गरीबों के घर गिराने का है। जब समाजवादी लोग सरकार में आएंगे तो यही ऑर्डर मानेंगे, वही बुलडोजर होगा, पर मंजिल गरीब की नहीं होगी। यह बुलडोजर वाली सरकार सबसे बड़ी भू-माफिया सरकार है।

अखिलेश ने कहा कि महाभारत पढ़ी है, जहां कहीं भी महिलाओं का अपमान हुआ है उनको समय आने पर जनता ने सजा दी है। जो लोग कमजोर और डरपोक होते हैं वहीं अन्याय करते हैं। एक के बाद एक अन्याय हो रहा है।

भाजपा सरकार के रोजगार देने के दावों पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कहती है कि 100 में केवल 04 बेरोजगार हैं। आज गांव में चले जाओ किसी को नौकरी और रोजगारी सरकार नहीं दे पा रही है। प्रदेश को, समाज को अगर कोई सुधार सकता है तो वो समाजवादी लोग हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि ये सबसे बड़े भू-माफिया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार साथियों अगर आपने सच दिखाया तो रात के दो बजे पुलिस वाले आपके घर पर आएंगे। अगर आप डर गए तो खबर उसी दिन से बदल जाएगी, अगर आप नहीं बदले तो आपकी खुद खबर बनेगी कि आप जेल में चले गए।

ये सरकार अपने वोट के लिए, अपनी कुर्सी के लिए किसी के भी बीच दरार पैदा कर देगी। आपने नहीं देखा विधानसभा में क्या कर रहे थे। ये दरार पैदा करके राजनीति करते हैं। बीजेपी के लोग दरारजीवी हैं।

इससे पूर्व पहले दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित किया। पहले दिन कृषि संकट एवं ग्रामीण परिवेश, समाजवाद और लोकतंत्र, सोशल मीडिया, राजनीति में युवाओं की भागीदारी, सामाजिक न्याय, देश में महिलाओं की भागीदारी, चुनाव प्रबन्धन, बूथ प्रबन्धन और लोकतंत्र के भविष्य और जातीय जनगणना अनिवार्य रूप से लागू हो आदि विषयों पर चर्चा की।

प्रशिक्षण शिविर में मंच पर पहुंचने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पदाधिकारियों ने माल्यापर्ण कर स्वागत किया। मंच से अखिलेश यादव ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आने वाले चुनाव में जनता के बीच जाकर पार्टी का जनाधार बढ़ाने और जीत सुनिश्चित कराने की अपील की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, पूर्व सांसद अशोक पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह समेत पार्टी के कई नेतागण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.