ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर और रायगढ़ जिले के लिए बारिश का रेड अलर्ट

रायपुर, 27 जुलाई । छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। कई नदी और नाले उफान पर है, तो कहीं बाढ़ की​ स्थिति बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर भारी बारिश के चलते कई हिस्सों में स्कूलों को बंद भी कर दिया गया है। इसी बीच एक बार फिर मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर और रायगढ़ ज़िले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

एक जून से लेकर 26 जुलाई तक यानि 56 दिनों में ही प्रदेश में 506.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य है। मौसम विभाग के अनुसार 56 दिनों में ही 500 मिमी से ज्यादा बारिश का होना भी एक रिकार्ड है।बीते पांच दिनों से प्रदेश में काफी अच्छी बारिश हो रही है।अब तक बीजापुर में सर्वाधिक 1137.3 मिमी बारिश अर्थात 94 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अधिक बारिश का आसार है।आज भी सुबह से राजधानी रायपुर में सुबह से ही बारिश की झड़ी लगी हुई है। साथ ही कई हिस्सों में भी झमाझम बारिश हो रही है। इससे पहले मौसम विभाग ने 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया था।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय बंग्लादेश और गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित है। साथ ही मानसून द्रोणिका के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से मध्य छत्तीसगढ़ रहेगा।

प्रदेश में सरगुजा जिले में सबसे कम बारिश हुई है। यहां सामान्य से 60 प्रतिशत बारिश कम हुई है।इस वर्ष पहली बार बारिश में बेमेतरा जिला पिछड़ गया है और बालोद की स्थिति काफी काफी अच्छी बनी हुई है।लगातार बारिश की वजह से कांकेर जिले के कई गांव टापू में बदल गए हैं ।कोयली बेड़ा की मेढ़की नदी में बाढ़ आई हुई है।ग्रामीण साप्ताहिक बाजार भी नहीं जा पा रहे हैं । बीजापुर जिले के कई इलाकों में बाढ़ के हालात है। नेशनल हाईवे 163 पर बने फूलों के ऊपर से पानी बह रहा है। महाराष्ट्र का छत्तीसगढ़ से सड़क मार्ग से संपर्क टूट गया है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायपुर, राजनांदगांव, सूरजपुर में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही सरगुजा और बस्तर संभाग के जशपुर, सूरजपुर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और बलरामपुर जिले में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *