ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

विष्णुपुर में रैपिड एक्शन फोर्स की भारी तैनाती, स्थिति तनावपूर्ण

इंफाल, 16 जून (हि.स.)। मणिपुर में बिष्णुपुर जिले में रैपिड एक्शन फोर्स की भारी तैनाती की गई है। पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। बड़ी संख्या में भीड़ द्वारा सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर दिए जाने के कारण आवाजाही अवरुद्ध हो गई है।

पुलिस ने आज बताया कि मणिपुर के विष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई में शनिवार की शाम से उस समय स्थिति उत्तेजक हो गई जब स्थानीय भीड़ द्वारा दो ट्रकों को आग के हवाले कर दिया गया। ट्रकों पर एक पुल के लिए निर्माण सामग्री ले जाया जा रहा था। चार ट्रक एकसाथ चुराचांदपुर की ओर जा रहे थे कि ट्रोंगलाओबी इलाके में भीड़ ने उन्हें रोक लिया और उनमें आग लगा दी।

इस घटना में एक ट्रक पूरी तरह जल गया। जबकि, दूसरा ट्रक आंशिक रूप से जला। वहीं, सुरक्षा बलों की तत्परता से अन्य दो ट्रकों को बचा लिया गया। ट्रकों को सेकमाई में चुराचांदपुर के सिंघाट के लिए लोड किया गया था। ये ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 102-बी चुराचांदपुर-तुईवई रोड पर निर्माणाधीन एक पुल के लिए आवश्यक सामग्री ले जा रहे थे।

बिष्णुपुर पुलिस और केंद्रीय बलों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर करने और आग पर काबू पाने के लिए तीन से चार राउंड आंसू गैस के गोले दागे। इलाके को स्थिर करने और बढ़ते तनाव को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के बल तत्काल ही वहां पहुंच गए। पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। व्यापक पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *