ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ग्लोबल मार्केट से मजबूती के संकेत, एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख

ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान सपाट स्तर पर कारोबार होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में भी आज मामूली बढ़त के साथ कारोबार होता नजर आ रहा है। दूसरी ओर, यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ कारोबार करने के बाद बढ़त के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों में आज आमतौर पर मजबूती के साथ कारोबार होता नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान पूरे दिन सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,202.02 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, नैस्डेक ने 0.03 प्रतिशत की तेजी के साथ पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स के फिलहाल 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,915.37 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार के विपरीत यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,943.47 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.71 प्रतिशत उछल कर 8,119.30 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 143.93 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की मजबूती के साथ 18,318.97 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में भी आज आमतौर पर मजबूती के साथ कारोबार होता नजर आ रहा है। एशिया के 9 बाजारों में से 6 के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 2 सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज भी कारोबार नहीं हो रहा है। अभी तक के कारोबार में कोस्पी इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,712.61 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.15 प्रतिशत टूट कर 3,042.37 अंक के स्तर पर पहुंच गया है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.26 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,836 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.83 प्रतिशत उछल कर 3,242.70 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल ये सूचकांक 358.41 अंक यानी 1.76 प्रतिशत की उछाल के साथ 20,776.11 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 307.38 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की तेजी के साथ 39,654.42 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,824.36 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.85 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,387.34 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *