ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रोजगार मेले में पीएम मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- विकसित भारत में निभाएंगे बड़ी भूमिका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के तहत देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित युवाओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें देश की विकास यात्रा का अहम भागीदार बताया।

Narendra Modi ने कहा कि नियुक्ति पाने वाले युवा अब देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां तक पहुंचने के लिए युवाओं ने लंबी तैयारी और कड़ी मेहनत की होगी। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई भी दी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत की युवा शक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों में वह भारत के युवाओं की क्षमता और प्रतिभा की चर्चा करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, शिप बिल्डिंग और शिप रिपेयरिंग जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के निवेश से देश में ही युवाओं के लिए नौकरी के अवसर बढ़ रहे हैं।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी केवल पद नहीं बल्कि लोगों के जीवन को आसान बनाने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को प्राथमिकता देने और अपने व्यवहार, संवेदनशीलता तथा कार्यशैली से लोगों का भरोसा मजबूत करने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में देश में बुनियादी ढांचे के विकास, गांवों तक कनेक्टिविटी, आवास, स्वच्छता और बिजली जैसी सुविधाओं के विस्तार ने आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुले हैं।

युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों और छोटे शहरों में भी युवा, खासकर महिलाएं, तेजी से स्टार्टअप शुरू कर रही हैं।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने ‘नागरिक देवो भव:’ मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसेवा ही प्रभुसेवा है। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं से कर्मयोगी प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने और पूरी जिम्मेदारी के साथ देशसेवा करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *