CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके हिरासत में, कनॉट प्लेस में प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार शाम हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया है। दिपके ने पार्टी के दो सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके को सेंट्रल पार्क जाते समय हिरासत में लिया गया। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने उनके घर पहुंचकर उन्हें दो नोटिस भी दिए थे।
दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को दिए थे दो नोटिस
दिल्ली पुलिस की ओर से शुक्रवार को अभिजीत दिपके को दो नोटिस दिए गए थे। पहले नोटिस में दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत सेंट्रल पार्क नहीं जाने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के मुताबिक, इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू थे।
दूसरे नोटिस में कथित तौर पर पहले की गई एहतियाती कार्रवाई का हवाला दिया गया। पुलिस के अनुसार, अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को पहले भी एहतियातन हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया था। पुलिस का कहना है कि उस दौरान उन्हें एक साल तक शांति भंग नहीं करने के संबंध में निर्देश दिए गए थे।
कनॉट प्लेस और सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
CJP के प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। खबर के मुताबिक, सेंट्रल पार्क और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। राजीव चौक और सेंट्रल पार्क के आसपास अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए।
कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, पालिका बाजार और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों को सतर्क रखा गया। सेंट्रल पार्क में कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
कई प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को देखते हुए कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आईटीओ और संसद मार्ग समेत कई जगहों पर बैरिकेड लगाए गए। रिपोर्ट के अनुसार, अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सुरक्षा कारणों से सेंट्रल पार्क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। पुलिस की ओर से यह भी कहा गया कि प्रदर्शनकारी किसी अन्य स्थान पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति मांगते हैं, तो उस पर विचार किया जा सकता है।
फिलहाल, अभिजीत दिपके की हिरासत और प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
