ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से मिली राहत, भीषण गर्मी पर लगा ब्रेक

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह जहां तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया, वहीं कुछ ही देर बाद आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ था, जिससे लोग गर्मी और लू की मार झेल रहे थे। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से पहले ही तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई थी, जो शनिवार को सही साबित हुई।

मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, गरज-चमक और बारिश के चलते दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में लू की स्थिति से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि रविवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, धूल भरी आंधी और गरज-चमक के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाएं दर्ज की गईं। पूसा रोड पर हवा की रफ्तार 81 किलोमीटर प्रति घंटा, पालम में 56 किलोमीटर प्रति घंटा और प्रगति मैदान में 35 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। वहीं, पालम एयरपोर्ट पर दृश्यता में भी भारी गिरावट देखी गई, जहां एक घंटे के भीतर विजिबिलिटी 3,500 मीटर से घटकर 1,500 मीटर रह गई।

मौसम विभाग ने नागरिकों को एहतियात बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान लोग घरों के अंदर ही रहें। विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

हालांकि, बाद में मौसम विभाग ने जानकारी दी कि तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश का मौजूदा सिस्टम धीरे-धीरे दिल्ली से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर बढ़ गया है। आईएमडी के अधिकारियों का कहना है कि शनिवार के दौरान कुछ इलाकों में गरज, बिजली और धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *