ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार रही तो भी झीरम मामले में न्याय क्यों नहीं मिला-नितिन नबीन

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी व बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन ने झीरम कांड को लेकर प्रदेश कांग्रेस पर जमकर निशाना साधकर कांग्रेस और नक्सलियों के अंतर्संबंधों का खुलासा करने की मांग की है। श्री नबीन ने कहा कि आज झीरम मामले को लेकर कांग्रेस ओछी राजनीति कर रही है और अपने नेताओं की शहादत और उनके शोक संतप्त परिजनों की भावनाओं का मजाक बना रही है। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल पूछने के बजाय कांग्रेसी अपनी पूर्ववर्ती सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से कोई सवाल पूछने की हिम्मत क्यों नहीं कर रहे हैं, जो झीरम मामले के सबूत जेब में रखकर घूमने की डींगें हाँकते रहे और पूरे पाँच साल में इस मामले की जाँच के नाम पर न तो बघेल ने खुद कुछ किया और न ही केंद्र सरकार को जाँच में सहयोग किया।

भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री नबीन ने सोमवार अपने बयान में सवाल दागा कि कांग्रेस पार्टी आखिर झीरम के दोषी पर इतनी मेहरबान क्यों है? आज के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने झीरम नक्सली हमले के तुरंत बाद क्या कहा, क्या किया, सब जानते हैं। अब राहुल गांधी जवाब दें कि 5 साल छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार रही तो भी झीरम मामले में न्याय क्यों नहीं मिला? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पर निशाना साधते हुए श्री नबीन ने कहा कि बैज को अगर सवाल करना है तो वे बीजेपी मंडल अध्यक्ष से सवाल करें, जिन्होंने उन्हें हराया। प्रधानमंत्री श्री मोदी से जब उनके नेता राहुल गांधी ही सवाल नहीं करते, तो फिर बैज क्या करेंगे? बैज बताएँ कि वह उन कवासी लखमा को जिताना चाहते हैं कि नहीं, जिनके झीरम कांड के मद्देनजर नार्को टेस्ट तक की मांग कांग्रेस खेमे से ही उठती रही है। श्री नबीन ने राहुल गांधी के 13 अप्रैल को होने वाले दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि महादेव सट्टा ऐप पर राहुल जवाब देना चाहिए। वादाखिलाफी करके प्रदेश के हर वर्ग को ठगने का जो काम किया, उस पर राहुल प्रदेश को जवाब दें।

भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री नबीन ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के बस्तर दौरे पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी पूरी तत्परता के साथ कार्यकर्ता के रूप में चुनाव की कमान संभाले हैं। छत्तीसगढ़ की जनता और भाजपा के कार्यकर्ता काफी ज्यादा उत्साहित हैं। पिछले चुनाव की सभा में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे और इस बार भी बस्तर में जनता-जनार्दन का प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति वैसा ही साथ और विश्वास देखने को मिल रहा है। मोदी की गारंटी में बस्तर के लिए जो घोषणाएं की थीं, वह पूरी हो रही हैं। भाजपा को प्रधानमंत्री के आगमन से बहुत लाभ हुआ है और जनता भी उत्साहित है। प्रधानमंत्री के बस्तर प्रवास के बाद चुनावी फिजाँ में भाजपा के प्रति अभूतपूर्व जनसमर्थन साफ दिखाई दे रहा है और प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर जीत के साथ भाजपा ‘अबकी बार 400 पार’ के लक्ष्य को हासिल करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *