ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

भारतीय चंद्रयान-3 की सफलता के लिए काशी में हवन पूजन, मां गंगा की आरती

भारतीय चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए काशी में पूजा पाठ के साथ हवन भी हो रहा है। चंद्रयान—3 की सफलता पर पूरे देश और दुनिया की निगाहें टिकी हुई है। मंगलवार को नमामि गंगे के सदस्यों ने महर्षि वेद विद्यालय के बटुकों के साथ मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर भगवान भास्कर और मां गंगा की आरती उतारकर चंद्रयान —3 के सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा।

कार्यकर्ताओं और बटुकों ने भारत के वैज्ञानिकों के द्वारा विशिष्ट तकनीक से निर्मित चंद्रयान-3 अभियान को सफल बनाने के लिए बाबा श्री काशी विश्वनाथ जी से भी याचना की । राष्ट्रध्वज के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बटुकों ने सफल लैंडिंग के लिए आराधना की ।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारत का चंद्रयान-3 मील का पत्थर तय करते हुए एक नया इतिहास रचने की दहलीज पर है। विक्रम लैंडर की सफलता के लिए हमने बटुकों के साथ बाबा विश्वनाथ, भगवान भास्कर और मां गंगा से गुहार लगाई है । उन्होंने बताया कि अब तक अमेरिका रूस और चीन ने ही चंद्रमा की सतह पर अपने लैंडर उतारे हैं । विक्रम लैंडर के चांद की सतह पर उतरने के साथ ही भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा।

इसी क्रम में कमच्छा स्थित मां कामख्या मंदिर में लोगों ने चंद्रयान की तस्वीर के साथ खास हवन-पूजन किया। इसी क्रम में सुदामा कुटी आश्रम में संत महात्माओं ने हवन पूजन किया। हाथों में तिरंगा और चंद्रयान की तस्वीर लेकर उसकी सफल लैंडिंग के लिए महादेव से प्रार्थना की । बटुकों और विद्वानों ने भी मंत्र उच्चारण कर सफलता के लिए पूजा अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *