October 7, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कुलपति प्रो. अजय तनेजा को ‘अवध रत्न सम्मान’, शिक्षा और शैक्षणिक नेतृत्व में योगदान के लिए किया गया सम्मानित

लखनऊ: ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और प्रभावी शैक्षणिक नेतृत्व के लिए प्रतिष्ठित ‘अवध रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। ऑल इंडिया कैफी आजमी अकादमी में संगम फाउंडेशन की ओर से आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ शोध, नवाचार, एआई, स्टार्टअप और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार नई पहल कर रहा है।

प्रो. तनेजा ने सम्मान के लिए संगम फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा दे रहा विश्वविद्यालय

प्रो. अजय तनेजा के नेतृत्व में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ शोध, नवाचार, कौशल विकास, स्टार्टअप, तकनीकी शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में विभिन्न पहल कर रहा है।

विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के साथ भारतीय भाषाओं, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहन देने और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कई शैक्षणिक एवं संस्थागत पहल संचालित की जा रही हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा कौशल आधारित प्रशिक्षण, स्टार्टअप एवं नवाचार, एआई आधारित पहल तथा उद्योग और अन्य शिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

दानिश आजाद अंसारी ने गिनाई सरकार की प्राथमिकताएं

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

समारोह की अध्यक्षता पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिजवी ने की।

इन हस्तियों को भी मिला सम्मान

समारोह में प्रो. अजय तनेजा के अलावा प्रो. शाहिद अख्तर, प्रो. मोहम्मद कमरुल हुदा फरीदी, सैयद हुसैन अफसर और डॉ. वासी अहमद आजम अंसारी को भी ‘अवध रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

वहीं, हिंदी साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए प्रो. जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों के साथ शिक्षाविद् एवं अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.