PM Modi के जनसेवा में 25 साल पूरे, NDA नेताओं ने दी बधाई; चंद्रबाबू नायडू बोले- भारत भाग्यशाली है
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और एनडीए के प्रमुख सहयोगी दल टीडीपी के नेता एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि भारत भाग्यशाली है कि उसे “सही नेता, सही समय और सही जगह” मिली। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
चिराग पासवान ने बताया ‘राष्ट्र सेवा का अटूट संकल्प’
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को “राष्ट्र सेवा का अटूट संकल्प” बताया। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रधानमंत्री का निरंतर समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणा है।
संजय झा ने की सुशासन और जनकल्याण की सराहना
एनडीए के एक अन्य प्रमुख सहयोगी दल जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी गई। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण रही है।
संजय झा ने अपने संदेश में कोरोना महामारी, भू-राजनीतिक चुनौतियों और तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बीच भारत ने स्थिरता के साथ आगे बढ़ने की क्षमता दिखाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ‘विकसित भारत’ के निर्माण की यात्रा के निरंतर जारी रहने की कामना की।
उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी ने भी दी शुभकामनाएं
पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को ‘राष्ट्र प्रथम, सेवा ही जीवन’ की भावना से जुड़ा बताया। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सफर के लिए पीएम मोदी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी के ‘सुशासन’ और ‘सेवा संकल्प’ के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश सेवा के प्रति उनके समर्पण को नमन किया।
7 अक्टूबर 2001 को शुरू हुआ था निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर अपनी कार्यकारी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद वर्ष 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। अब उनके निर्वाचित जनप्रतिनिधि और शासन प्रमुख के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो गए हैं।
सीएम धामी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
