ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व सामूहिक सूर्य अर्घ्यदान

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को अखिल विश्व गायत्री परिवार देश भर में दीपोत्सव के रूप में मनायेगा। इस निमित्त अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ. प्रणव पण्ड्या व शैलदीदी ने करोड़ों लोगों को पत्र लिखकर आवाहन किया है।

उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि 14 से 22 जनवरी तक देश-विदेश के हजारों प्रज्ञा संस्थानों, चेतना केन्द्रों और देवालयों में वृहत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाएं। साथ ही प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन प्रत्येक प्रज्ञा संस्थानों एवं देवालयों में राम भजन, संगीत आदि का सामूहिक रूप से आयोजन हो और सायंकाल अपने-अपने घरों व प्रज्ञा संस्थानों में दीपोत्सव मनाएँ। श्रीराम ज्योति प्रज्वलित करें।

गायत्री परिवार प्रमुखद्वय ने कहा है कि अगणित राम भक्तों, श्रद्धालुओं और हिमालयवासी ऋषियों, मुनियों, सिद्धों, संतों, यतियों की मनोकांक्षा पूरी होने जा रही है, जो लगभग पांच सौ वर्षों से रामलला की दिव्य, भव्य व नव्य मंदिर में विराजने की प्रतीक्षा कर रहे थे। यह सम्पूर्ण जगत के उत्कर्ष का एक ऐतिहासिक एवं निर्णायक अवसर होगा।

इस अभियान का शुभारंभ रविवार को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज से भव्य जन जागरण रैली के साथ किया गया। रैली जय श्रीराम के जयकारों के साथ आरंभ हुआ और रामधुन व राष्ट्रीय चेतना को जाग्रत करने वाले नारों के साथ पांच हजार से अधिक नर नारियों ने पंक्तिबद्ध हो इसमें भाग लिया। रैली के समापन अवसर पर सभी शांतिकुंज के अंतेवासी कार्यकर्त्ताओं, रामभक्तों एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सूर्य अर्घ्यदान किया और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मर्यादाओं को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *