ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अखिलेश यादव का BJP पर तंज, बोले- जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखेंगे? यूपी से होगा सत्ता परिवर्तन

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ इंडिया गठबंधन की रैली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के ‘अंगद का पैर’ वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखेंगे। अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को करारा जवाब देकर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

रामलीला मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें खुशी है कि काशी की जनता ने ‘डबल इंजन’ की सरकार को ‘डबल जीरो’ दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रहेगी और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।

हर विधानसभा में 31 हजार वोट कम हुए: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में रैली होने से पहले उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दावा किया गया कि 1.27 लाख हिंदू मतदाताओं के वोट काट दिए गए हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि इसका मतलब है कि हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 31 हजार वोट कम हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने की कोशिश कर रही है।

अमित शाह के ‘अंगद का पैर’ वाले बयान पर पलटवार

अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान पर तंज कसते हुए कहा, “जब नीचे जमीन नहीं बची है तो अंगद का पैर कहां रखेंगे।”

दरअसल, 30 अक्टूबर को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की स्थिति की तुलना रामायण के पात्र अंगद के पैर से की थी। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पांव है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। शाह ने यह भी दावा किया था कि भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।

यूपी के जरिए सत्ता में आए लोगों को बाहर का रास्ता दिखाएंगे: अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के जरिए सत्ता में आए लोगों को अब बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि यूपी की जनता भाजपा को करारा जवाब देकर विदाई देगी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि वहां चुनाव लूटा गया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कराकर वोट डलवाए गए।

2022 में सरकार नहीं बना पाए, इसकी वजह वोट चोरी: अखिलेश

सपा प्रमुख ने वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के लोग रुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 में सरकार नहीं बना पाने की वजह वोट चोरी थी।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग विश्वगुरु बनने की बात करते थे, वे अब मतदाता सूची में चोरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आ रही है और इस बदलाव की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।

रामलीला मैदान बना ‘लोकतंत्र की हल्दीघाटी’

अखिलेश यादव ने रामलीला मैदान में आयोजित रैली को ‘लोकतंत्र की हल्दीघाटी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यहां नया इतिहास लिखा जा रहा है और परिवर्तन कभी भी आ सकता है।

सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला जारी रखते हुए कहा कि अगली पीढ़ी उन पर बरसाई गई हर लाठी और दिए गए हर जख्म का जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा खुद को बचा नहीं पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *