October 6, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

वैदिक सम्मेलन के आगाज पर निकाली भव्य शोभायात्रा

वेदों के ज्ञान और पारायण के लिए नई टिहरी में पहली बार आयोजित हो रहे क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन का धूमधाम से आगाज हुआ। वैदिक सम्मेलन के आगाज पर बौराड़ी से लेकर नई टिहरी तक नगर के प्रमुख लोगों सहित महिला, बच्चों व संतों ने शामिल होकर भव्य शोभा यात्रा निकाली। सनातन धर्म की जय हो के नारों से पूरा नई टिहरी नगर गुंजायमान हुआ।

रविवार से 27 सितंबर तक सनातन धर्म शक्ति पीठ श्री दुर्गा मंदिर में आयोजित होने वाले क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन को लेकर सम्मेलन के संयोजक राजेंद्र प्रसाद चमोली व अध्यक्ष सुषमा उनियाल ने कहा कि वेदों के पारायण को लेकर यह सम्मेलन वृहत स्तर पर पहली बार नई टिहरी में आयोजित किया जा रहा है। इसमें 25 सितंबर को मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद व पूर्व सीएम डा. रमेश पोखरियाल निशंक, 26 सितंबर को बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय और 27 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी शामिल होंगे।

सम्मेलन को लेकर सुषमा उनियाल ने बताया कि क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन का मकसद सनातन धर्म को आगे बढ़ाते हुए वेदों की जानकारी आम लोगों को देना है। इसके लिए सम्मेलन में देश-विदेश के वेद विशेषज्ञ शामिल होंगे। वेदपाठियों की भारी संख्या में भी मौजूद रहेगी, जिनकी मदद से चारों वेदों का पारायण करवाया जायेगा।

यह सम्मेलन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान उज्जैन एवं सनातन धर्म शक्ति पीठ श्री दुर्गा मंदिर समिति के तत्वावधान में होगा। इसमें चारों वेदों का पारायण होगा।

इस दौरान संतों के रूप में महंत स्वामी शिवानंद गिरी, मुनि अभय चेतन महाराज, ब्रहमचारी आशीष वशिष्ठ स्वरूप, ब्रहमचारी केशव स्वरूप और स्वामी अच्युतानंद मौजूद रहेंगे।

शोभायात्रा के दौरान टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, सम्मेलन के सचिव डा. उम्मेद सिंह नेगी, सह संयोजक सुशील कोटनाला, डा. ओम प्रकाश भट्ट, रवि सेमवाल, सभासद विजय कठैत, पूर्व प्रमुख जगदंबा प्रसाद रतूड़ी, विक्रम कठैत, खेम सिंह चौहान, चंडी प्रसाद डबराल, रवि सेमवाल, गंगा भगत सहित साधु संत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.