ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सलमान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले सीसीटीवी में कैद, बिश्नोई गैंग से कनेक्शन

फिल्म अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग के मामले में पुलिस को एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है, जिसमें फायरिंग करने वाले दो लोग दिखे हैं। इनमें से एक की पहचान हुई है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर है।

दरअसल, फिल्म अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर पर 14 अप्रैल तड़के सुबह फायरिंग की गई थी।घटना के वक्त सलमान समेत बाकी सभी लोग घर के अंदर थे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच कर रही है। बांद्रा पुलिस ने हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

घटना के संबंध में जोन 9 के पुलिस उपायुक्त राज तिलक रौशन ने सोमवार को कहा कि दोनों एक बाइक से आए और सुबह करीब 5 बजे अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की और भाग गए। चार से पांच राउंड फायरिंग की गयी। उन्होंने बताया कि हमने इस मामले की जांच के लिए 15 पुलिस टीमें बनाई हैं। हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। हम हमलावरों को जल्द ही पकड़ लेंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि शूटरों ने किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि हवा में गोलियां चलाईं। यह फायरिंग हमला करने के लिए नहीं बल्कि दहशत फैलाने और संदेश देने के लिए की गई थी। मामले में शामिल दोनों सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। देर शाम पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की। उसका नाम विशाल उर्फ कालू है और वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर है। विशाल गुड़गांव के रहने वाले हैं। वह राजस्थान में गोदारा नाम के गैंगस्टर के लिए काम करता है। वह मूसवाला सहित कई हाई-प्रोफाइल हत्याओं में शामिल होने और उसके कनाडा में रहने की खबर है।

पुलिस के मुताबिक, विशाल और उसके दोपहिया वाहन सवार सहयोगी ने पिछले कुछ दिनों से सलमान खान के घर पर रेकी की होगी। इस बीच घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बाद में एक किलोमीटर दूर एक चर्च के पास मिली। दोपहिया वाहन पनवेल के एक निवासी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस जांच कर रही है कि बाइक चोरी की है या नहीं।

पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, बाइक छोड़ने के बाद दोनों संदिग्ध कुछ देर तक पैदल चले और फिर रिक्शा लेकर बांद्रा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से वे उत्तर की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन पर चढ़ गए। पुलिस को आशंका है कि दोनों ने रास्ते में अपने कपड़े बदले होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *