ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चूड़धार जा रहे श्रद्धालु की हार्टअटैक से मौत

शिमला, 16 जून (हि.स.)। सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार तीर्थ के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु की बीच रास्ते में हार्टअटैक से मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौपाल में कपड़े की दुकान करने वाला राजेश कुमार (44) शनिवार को चूड़धार स्थित भगवान शिव मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। उनके साथ पत्नी और भाई भी थे। कालाबाग नामक स्थान पर राजेश के सीने में अचानक दर्द हुआ और वह गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। देर शाम चौपाल पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक राजेश कुमार पंजाब के पठानकोट का मूल निवासी था और पिछले काफी समय से परिवार संग चौपाल में रह रहा था। चौपाल में उसकी कपड़े की दुकान है।

डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने रविवार को बताया कि प्रथम दृष्टया ह्रदय गति रुकने से व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट आने पर मौत की असल वजह साफ होगी। उन्होंने कहा कि सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

बता दें कि चूड़धार में 11 हजार 965 फीट की ऊंचाई पर भगवान शिव का मंदिर है। यह स्थान शिमला और चौपाल की सीमा पर स्थित है। यहां भगवान शिव शिरगुल महाराज के रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। शिरगुल महादेव को चौपाल और सिरमौर का देवता भी माना जाता है। चूड़धार की यात्रा सर्दियों में करीब छह महीने बंद रहता है। चूड़धार विख्यात धार्मिक पर्यटन स्थल भी है। इस जगह से शिमला और सिरमौर का खूबसूरत नजारा भी दिखता है। हर साल लाखों की संख्या में भक्तों पैदल चढ़कर भगवान शिव के दर्शन करने के लिए आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *