ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हर हर महादेव के नारे से गुंजायमान हुआ शिवालय

भागलपुर, 22 जुलाई । जिले के विभिन्न शिवालयों में बाबा भोलेनाथ की पूजा के लिए सावन की पहली सोमवारी को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव से सभी शिवालय गूंज उठा। बाबा बूढ़ानाथ, मनसकामना नाथ, भूतनाथ शिवशक्ति समेत शहर के दर्जनों शिवालयों में पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सुबह चार बजे से ही मंदिरों में बाबा भोले के जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी। पूरा शहर शिवमय हो गया था। सुबह से लेकर पूरे दिन बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

बूढ़नाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा था। सुबह चार बजे से ही महिला पुरुष व बच्चों की लंबी कतार बाबा के जलाभिषेक को लगनी शुरू हो गई थी। बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए शाम पांच बजे तक भक्तों की कतार लगी रही। 50 हजार से ज्यादा भक्तों ने बाबा बूढ़ानाथ को जल फूल बेलपत्र व धतूरा अर्पित किया। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम थे। शिव शक्ति मंदिर के पट भी सुबह चार बजे भक्तों के लिए खोल दिया गया था। सुबह से ही बाबा के जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। शहर के हजारों भक्तों ने यहां हजारों लीटर दूध से बाबा के रूद्राभिषेक किया।

नाथनगर के बाबा मनसकामना नाथ, बमभोकरा नाथ महादेव मंदिर, गुरूद्धेश्वर नाथ व कामश्वर नाथ आदि शिवालय में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। पूरे दिन शहर में शिव आराधना की बयार चलती रही। उधर सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में शिव भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से अजगैबीनाथ धाम के उत्तरवाहनी गंगा में डुबकी लगाने के लिए शिव भक्तों की भीड़ उमडू गई। शिव भक्तों ने उत्तरवाहनी गंगा में डुबकी लगाकर गंगा जल लेकर बाबा भोलेनाथ को जलार्पण किया और लाखों कांवरिया ने भी अजगैबीनाथ धाम पहुंचकर उत्तरवाहनी गंगा डुबकी लगाकर गंगा जल लेकर गंगा पूजन करते हुए बाबा भोलेनाथ को जलार्पण करने के लिए पैदल और वाहन से बैधनाथ धाम के लिए बोल बम, हर हर महादेव के नारों के साथ रवाना हो गए।

इस दौरान भक्तों में काफी उत्साह देखा गया। पूरा अजगैबीनाथ धाम हर हर महादेव, बोल बम के नारों से गुंजायमान हो उठा। देश के अलग अलग राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु अजगैबी नगरी पहुँचे हैं। यहाँ से जल लेकर शिवभक्त 105 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर बैद्यनाथ धाम जा रहे हैं। आज अनुमानतः 80 हजार कांवरिया जल लेकर बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *