पद्म भूषण सम्मान के बाद अलका याग्निक का भावुक खुलासा, बोलीं- ‘दो साल तक सेहत की वजह से लोगों से दूर रही’
भारतीय संगीत जगत की मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को मंगलवार, 23 जून 2026 को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस सम्मान के बाद अलका याग्निक ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी सेहत को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। चार दशक से अधिक समय तक अपनी मधुर आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली अलका याग्निक ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण लाइमलाइट और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर थीं। उन्होंने कहा कि इस दौरान फैंस, शुभचिंतकों और संगीत प्रेमियों के प्यार, दुआओं और समर्थन ने उन्हें मुश्किल दौर से उबरने की ताकत दी। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि पिछले दो वर्षों से वह लोगों के सामने आने और अपने सफर के बारे में ज्यादा बात करने से दूर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच उन्हें जो प्यार और समर्थन मिला, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। पद्म भूषण मिलने पर खुशी जताते हुए अलका याग्निक ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद विनम्र और भावुक करने वाला क्षण है। उन्होंने इसे केवल अपनी उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी श्रोताओं का सम्मान बताया, जिन्होंने वर्षों तक उनके गीतों को प्यार दिया और उन्हें अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया।उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें उम्मीद, हिम्मत और प्यार की ताकत का एहसास कराता है। साथ ही उन्होंने बताया कि वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं और इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होना उनके लिए बेहद खास था। अलका याग्निक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए वह दिल से कृतज्ञ हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में अलका याग्निक ने खुलासा किया था कि वह ‘सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस’ नामक एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही हैं। बताया गया था कि वायरल संक्रमण के कारण उनकी सुनने की क्षमता प्रभावित हुई, जिसके चलते उन्हें सार्वजनिक जीवन और पेशेवर गतिविधियों से कुछ समय के लिए दूरी बनानी पड़ी।वर्क फ्रंट की बात करें तो अलका याग्निक की आवाज आखिरी बार निर्देशक इम्तियाज अली की चर्चित फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में सुनाई दी थी। अब फैंस उनकी पूरी तरह स्वस्थ होकर संगीत की दुनिया में सक्रिय वापसी का इंतजार कर रहे हैं।