• August 1, 2026

आंध्र प्रदेश को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, भोगपुरम एयरपोर्ट का उद्घाटन; चंद्रबाबू नायडू के विजन की जमकर की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण किया। इस दौरान उन्होंने भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन भी किया और कहा कि यह परियोजना आंध्र प्रदेश, खासकर उत्तर आंध्र के विकास को नई गति देगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट के साथ-साथ सड़क संपर्क और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाएं भी राज्य के समग्र विकास का प्रतीक हैं और यह दर्शाती हैं कि आंध्र प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

‘भोगपुरम एयरपोर्ट उत्तर आंध्र के विकास का रनवे’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस धरती पर स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू ने आदिवासियों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उसी धरती पर आज आधुनिक एयरपोर्ट की शुरुआत हो रही है।

उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट केवल हवाई सेवा का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तर आंध्र के विकास का “रनवे” और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का “लॉन्चपैड” बनेगा।

अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा एयरपोर्ट

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देश में कई एयरपोर्टों का नाम एक ही परिवार के सदस्यों के नाम पर रखा जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदला है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया, पंजाब में एयरपोर्ट को संत रविदास के नाम से जोड़ा गया और अब केंद्र सरकार ने निर्णय लिया है कि भोगपुरम एयरपोर्ट का नाम श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा जाएगा।

ब्लू इकोनॉमी और कोस्टल कॉरिडोर पर सरकार का फोकस

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ब्लू इकोनॉमी को लगातार मजबूत कर रहा है और सरकार का लक्ष्य पूरे तटीय क्षेत्र को कोस्टल इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि विशाखापट्टनम से कृष्णापट्टनम तक पुराने बंदरगाहों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जबकि मुलापेटा और रामायापट्टनम में नए पोर्ट विकसित किए जा रहे हैं।

सेमीकंडक्टर सेक्टर पर विशेष जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार भविष्य की तकनीकों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

उन्होंने बताया कि विशाखापट्टनम में नए सेमीकंडक्टर प्लांट का शिलान्यास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आंध्र प्रदेश तकनीकी और औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बन सकेगा।

13 हजार आदिवासी महिलाओं ने बनाया सांस्कृतिक रिकॉर्ड

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने धिमसा नृत्य की प्रस्तुति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि 13 हजार से अधिक आदिवासी महिलाओं और बेटियों ने अपनी प्रस्तुति से भारतीय जनजातीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने इसे देश की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय परंपराओं का अद्भुत उदाहरण बताते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

चंद्रबाबू नायडू के विजन की जमकर सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका विजन विकास और संस्कृति दोनों को साथ लेकर चलता है।

उन्होंने कहा,
“चंद्रबाबू नायडू की यह विशेषता है कि उन्होंने एक ओर आधुनिक एयरपोर्ट जैसी विश्वस्तरीय व्यवस्था विकसित की, वहीं दूसरी ओर आदिवासी बहनों द्वारा धिमसा नृत्य के विश्व रिकॉर्ड जैसी सांस्कृतिक उपलब्धि को भी बढ़ावा दिया। मैं उनके इस विजन की सराहना करता हूं।”

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *